प्रेस क्लब महानगर रुड़की (रजि.) में पत्रकारों ने खेली फूलों की होली,रंग, गुलाल और सौहार्द की हुई बौछार

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। होली के पावन अवसर पर प्रेस क्लब महानगर रुड़की (रजि.) के कार्यालय में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में क्लब के पदाधिकारियों, वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। समारोह के दौरान पारंपरिक ढंग से फूलों की होली खेली गई, एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी गईं तथा गुजिया खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। पूरा वातावरण रंग, उमंग और आपसी सौहार्द से सराबोर नजर आया। क्लब की ओर से सभी सदस्यों को होली की शुभकामनाओं सहित उपहार भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत आपसी अभिनंदन और शुभकामनाओं के आदान-प्रदान से हुई। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रिंस शर्मा ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और ऐसे आयोजनों से आपसी संबंध और अधिक मजबूत होते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से समाज में सकारात्मक सोच और एकता का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
उपाध्यक्ष आरिफ नियाजी ने अपने संबोधन में कहा कि होली और रमजान जैसे पावन पर्व हमें प्रेम, त्याग और भाईचारे की सीख देते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू-मुस्लिम एकता भारत की पहचान है और प्रेस क्लब का यह आयोजन सांप्रदायिक सौहार्द की जीवंत मिसाल प्रस्तुत करता है। वरिष्ठ पत्रकार एवं क्लब के निदेशक चौ. अनवर राणा ने कहा कि इस वर्ष रमजान के दौरान होली का पर्व आना आपसी सम्मान और सद्भाव का संदेश देता है। पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
निदेशक प्रवेज आलम ने कहा कि संवाद से लोकतंत्र मजबूत होता है और ऐसे आयोजनों से आपसी संवाद एवं समझ बढ़ती है। निदेशक देशराज पाल और विनय रोहिला ने संयुक्त रूप से कहा कि पत्रकारिता में एकजुटता समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रेस क्लब को एक परिवार बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम आपसी विश्वास को सुदृढ़ करते हैं।
पूर्व अध्यक्ष मनोज अग्रवाल और पूर्व कोषाध्यक्ष असलम अंसारी ने होली को हमारी सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक बताते हुए कहा कि त्योहार समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अरशद हुसैन ने कहा कि होली का वास्तविक रंग प्रेम और सौहार्द में ही निहित है। पत्रकारों को निष्पक्षता और भाईचारे का संदेश समाज तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
समारोह के अंत में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की बधाई दी और समाज में एकता, सद्भाव एवं सकारात्मक पत्रकारिता का संकल्प लिया। कार्यक्रम में क्लब के पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे, जिससे आयोजन यादगार बन गया।






