February 12, 2026

असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर सहसपुर थाने पर जन अधिकार पार्टी का जोरदार प्रदर्शन

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

देहरादून। जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) की ओर से शुक्रवार को देहरादून जिले की सहसपुर विधानसभा स्थित थाना सहसपुर परिसर में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए कथित भड़काऊ, साम्प्रदायिक और समाज में नफरत फैलाने वाले बयानों तथा समुदाय विशेष को निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान जन अधिकार पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी भी संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति से संयम, मर्यादा और संविधान के मूल्यों के अनुरूप आचरण की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमंत बिस्वा सरमा के कथित बयान और गतिविधियां देश की साम्प्रदायिक सौहार्द, सामाजिक सद्भावना और राष्ट्रीय एकता को कमजोर करने वाली हैं। ऐसे बयान न केवल समाज को बांटने का काम करते हैं, बल्कि आम नागरिकों के बीच अविश्वास और तनाव की स्थिति भी उत्पन्न करते हैं।
पार्टी नेताओं ने कहा कि भारत का संविधान धर्मनिरपेक्षता, समानता और भाईचारे के सिद्धांतों पर आधारित है। मुख्यमंत्री जैसे पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा यदि नफरत फैलाने वाली भाषा का प्रयोग किया जाता है तो यह संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की बयानबाजी से समाज में हिंसा और अशांति का खतरा बढ़ता है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने थाना सहसपुर के माध्यम से पुलिस प्रशासन से मांग की कि असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ संबंधित धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। पार्टी ने यह भी कहा कि कानून सभी के लिए समान है और पद या राजनीतिक प्रभाव के आधार पर किसी को भी कानून से ऊपर नहीं रखा जाना चाहिए। यदि समय रहते इस तरह की गतिविधियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे समाज में गलत संदेश जाएगा।जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के प्रदेश सचिव अमजद इलाही और प्रदेश सचिव इकराम मलिक ने कहा कि पार्टी हमेशा से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी प्रदेश स्तर पर आंदोलन को और तेज करेगी। इस प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष नभ बंसल, सय्याद अली, निखिल राणा, फैयाज अली, आसिफ, शराफत अली, रईस अहमद, सलीम, नदीम, आबाद अली, कुर्बान मोहम्मद, जाकिर, शाहरुख अली, अल्ताफ अंसारी, शुभम राठौड़, अनवर अली, कुर्बान अली, जाकिर हुसैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को प्रशासन के सामने रखा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!