February 9, 2026

जन अधिकार पार्टी (ज) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ खोला मोर्चा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन DM, VC HRDA और DPRO के खिलाफ लगे जमकर नारे

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

हरिद्वार। जिला हरिद्वार में जन अधिकार पार्टी (ज) ने प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की के माध्यम से  राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, HRDA की उपाध्यक्ष सोनिका मीणा और DPRO अतुल सिंह के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
जन अधिकार पार्टी (ज) के जिलाध्यक्ष रुड़की एवं हरिद्वार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में पार्टी ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। पार्टी ने मांग की कि भ्रष्टाचार पर तत्काल अंकुश लगाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में पहला बड़ा मुद्दा कलियर से बढ़ेड़ी के बीच बन रहे नेशनल हाईवे का उठाया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में तय मानकों को दरकिनार कर मिट्टी की जगह रेत का प्रयोग किया जा रहा है, जिसे आसपास की नदियों से अवैध रूप से लाकर डाला जा रहा है। इससे न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है बल्कि सड़क की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। पार्टी ने मांग की कि इस पूरे कार्य की निष्पक्ष गुणवत्ता जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य को पूर्ण रूप से बंद किया जाए। साथ ही इसमें शामिल कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
दूसरा मामला ग्राम माधोपुर हजरतपुर, ब्लॉक रुड़की से जुड़ा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान कुं. अफरीन द्वारा गांव में कराए गए विकास कार्यों में भारी अनियमितताएं और सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। इस मामले में DPRO अतुल सिंह हरिद्वार और सहायक विकास अधिकारी द्वारा ग्राम प्रधान से साठ-गांठ कर गलत जांच रिपोर्ट दी गई। जन अधिकार पार्टी ने इस पूरी जांच को फर्जी बताते हुए DPRO अतुल सिंह और इसमें शामिल अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा जिलाध्यक्ष नदीम ने हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुम्भ मेला निर्माण कार्यों के लिए 55 वर्ष से अधिक आयु के राजन कुमार की नियुक्ति नियमों के विपरीत की गई है। पार्टी ने मांग की कि संबंधित अधिकारी की आयु, नियुक्ति आदेश और प्रतिनियुक्ति से जुड़े सभी दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। नियमों का उल्लंघन कर की गई इस नियुक्ति को तत्काल निरस्त किया जाए और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
पार्टी का कहना है कि HRDA की उपाध्यक्ष सोनिका मीणा को लिखित शिकायत देने के बावजूद भी उक्त अधिकारी को नहीं हटाया गया, जो मामले की गंभीरता को दर्शाता है। जन अधिकार पार्टी ने HRDA उपाध्यक्ष के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जन अधिकार पार्टी (ज) के दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इन मामलों में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जन अधिकार पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को मजबूर होगी।इस मौके पर ज्ञापन देने वालो में हसरत अली,शहज़ाद साबरी, आज़म आदि मोजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!