वार्ड 32 में एक घंटे का वृहद स्वच्छता अभियान, नगर निगम, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संस्थाओं की रही सक्रिय भागीदारी

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के संकल्प को साकार करने की दिशा में नगर निगम रुड़की द्वारा वार्ड संख्या 32 में एक वृहद स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान प्रातः सुबह 9 बजे से 10 बजे तक एक घंटे तक चला, जिसमें नगर निगम प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों की सराहनीय सहभागिता देखने को मिली।
स्वच्छता अभियान में मेयर अनिता अग्रवाल, मुख्य नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल, संत निरंकारी मिशन की टीम तथा वार्ड के बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अभियान के अंतर्गत गंगा घाट से लेकर नेहरू स्टेडियम पुल तक व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया गया। इस दौरान घाट क्षेत्र, सड़क किनारे, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों से कचरा हटाकर स्वच्छता सुनिश्चित की गई।
अभियान की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ हुई, जिसमें सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इसके बाद सभी ने झाड़ू, फावड़ा और अन्य सफाई उपकरणों के माध्यम से श्रमदान कर सफाई अभियान को सफल बनाया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर अपनाई जाने वाली जीवनशैली है। स्वच्छ वातावरण से न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि शहर की सुंदरता, नागरिक सुविधा और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि जब नगर निगम स्वयं आगे बढ़कर स्वच्छता की पहल करता है, तो आमजन भी इससे प्रेरित होकर सहयोग करता है।
अभियान के दौरान प्लास्टिक कचरे से होने वाले दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डाला गया। नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने, कूड़ा खुले में न फेंकने तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने की अपील की गई। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ शहर का लक्ष्य तभी संभव है, जब इसमें जनभागीदारी सुनिश्चित हो।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने नगर निगम रुड़की की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग का आश्वासन दिया। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत” हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मेयर अनिता अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता किसी एक वर्ग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि नगर निगम रुड़की लगातार स्वच्छता को लेकर गंभीर प्रयास कर रहा है और वार्ड स्तर पर ऐसे अभियानों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। मेयर ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में स्वच्छता को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ रखने में नगर निगम का सहयोग करें और रुड़की को एक स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श शहर बनाने में सहभागी बनें।






