February 7, 2026

12 घंटे में जानलेवा हमले का खुलासा, भतीजे ने चाचा पर किया था पाठल से हमला

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

झबरेड़ा (हरिद्वार)। थाना झबरेड़ा पुलिस ने ग्राम शेरपुर खेलमऊ में हुए जानलेवा हमले के मामले का मात्र 12 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार पाठल भी बरामद कर लिया है। यह हमला पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर किया गया था, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 फरवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे ग्राम शेरपुर खेलमऊ में पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि अभिषेक पुत्र नीटू ने अपने चाचा अनुज पुत्र महेंद्र पर घर की सीढ़ियों पर जान से मारने की नीयत से पाठल से कई वार किए। अचानक हुए इस हमले में अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद पीड़ित अनुज की माता ने अगले दिन 06 फरवरी 2026 को थाना झबरेड़ा में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मु0अ0सं0 18/2026 धारा 109(1), 352, 351(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की। थाना झबरेड़ा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अभिषेक गांव से बाहर निकलने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने शेरपुर खेलमऊ गेट के पास सड़क से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर गांव के बाहर से घटना में प्रयुक्त पाठल बरामद की गई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साक्ष्य मजबूत कर लिए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पारिवारिक विवादों में हिंसा बढ़ना बेहद चिंताजनक है। समय रहते कार्रवाई न की जाती तो घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी। थाना झबरेड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल आरोपी की गिरफ्तारी संभव हुई, बल्कि पीड़ित पक्ष को भी न्याय की उम्मीद मिली है।
गिरफ्तार आरोपी अभिषेक पुत्र नीटू निवासी ग्राम शेरपुर खेलमऊ थाना झबरेड़ा जिला हरिद्वार को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है, ताकि भविष्य में ऐसे विवादों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में उप निरीक्षक रोहित कुमार, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र कुमार और कांस्टेबल बलदेव शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!