November 20, 2026

अशोक नगर ढण्डेरा में पहाड़ी संस्कृति और परंपराओं के साथ धूमधाम से मनाया गया ईगास पर्व, लोकगीतों और आतिशबाजी से गूंजा क्षेत्र

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की, 20 नवंबर 2026। उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे का प्रतीक ईगास (बूढ़ी दिवाली) का पर्व अशोक नगर ढण्डेरा में बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में पहाड़ी संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली। लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दीप जलाकर और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

ईगास पर्व के अवसर पर लोगों ने अपने घरों को दीपों और मोमबत्तियों की लड़ियों से आकर्षक ढंग से सजाया। शाम होते ही पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी कर उत्सव का आनंद लिया। वहीं पारंपरिक पहाड़ी गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को जीवंत किया गया। लोगों ने एक-दूसरे को ईगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।

इस अवसर पर नगर पंचायत ढण्डेरा के अध्यक्ष सतीश नेगी ने कहा कि ईगास हमारी पहाड़ी संस्कृति, आस्था और पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है। दीपावली के 11 दिन बाद मनाई जाने वाली बूढ़ी दिवाली के पीछे हमारी समृद्ध लोकपरंपराएं और मान्यताएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया कि एक लोकमान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की सूचना पहाड़ों में देर से पहुंचने के कारण लोगों ने 11 दिन बाद दीप जलाकर उत्सव मनाया था। वहीं दूसरी मान्यता वीर माधो सिंह भंडारी और उनके सैनिकों की लंबे समय बाद घर वापसी की खुशी से जुड़ी है।

उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन हमारी आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का माध्यम बनते हैं। सभी लोगों को मिलकर अपनी परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए।

चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संरक्षक राजेंद्र सिंह रावत एवं युवा मोर्चा संरक्षक राकेश चौहान ने कहा कि ईगास हमारी पहाड़ी विरासत और पूर्वजों की परंपराओं का प्रतीक है। आज बड़ी संख्या में उत्तराखंड के लोग रोजगार और अन्य कारणों से गांवों से दूर शहरों में रह रहे हैं, लेकिन अपनी संस्कृति को जीवित रखना और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।

वहीं हरेंद्र सिंह बिष्ट एवं जगदीश सिंह नेगी ने कहा कि त्योहार समाज को जोड़ने का काम करते हैं। ईगास जैसे सांस्कृतिक आयोजन आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी त्योहारों को मिल-जुलकर मनाना चाहिए, जिससे सामाजिक समरसता बनी रहे और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति का प्रचार-प्रसार होता रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पारंपरिक उत्साह के साथ ईगास पर्व मनाया और उत्तराखंड की लोकपरंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में उत्सव, उमंग और सांस्कृतिक एकता का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर रमेश सिंह सौन, मातवर सिंह रावत, विनोद जख्वाल, गोपाल, सुनील नेगी, सरोज नेगी, सुमन नेगी, दीवान सिंह मेहरा, डॉ. तुषार सिंह, गोपी रावत, महेंद्र मल्होत्रा, ब्रह्मपाल, उमर, साजिद, शादाब, आंचल, अनुष्का, मुस्कान, ललित रावत, जगदीश खड़ायत, प्रदीप बुडाकोटि सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!