November 20, 2026

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, जोनल और सेक्टर ऑफिसर्स को दिया गया प्रशिक्षण

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18) 

हरिद्वार (19 नवंबर 2026)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में गुरुवार को भेल कन्वेंशन हॉल में जोनल एवं सेक्टर ऑफिसर्स के लिए एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्वाचन से जुड़े विभिन्न दायित्वों, मतदान केंद्रों की मैपिंग, क्रिटिकल एवं वल्नरेबल मतदान केंद्रों की पहचान तथा मतदान स्थलों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि विधानसभा निर्वाचन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जोनल एवं सेक्टर ऑफिसर्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों की मैपिंग सहित निर्वाचन से संबंधित सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या कठिनाई आने पर अधिकारी मुख्य संदर्भदाता एवं सहायक नोडल प्रशिक्षण से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्रीमती नीतू डागर ने भी प्रशिक्षण के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों का गंभीरता और पूरी तत्परता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण नोडल एवं कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी अमरेंद्र चौधरी ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए क्रिटिकल एवं वल्नरेबल मैपिंग का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से अधिकारियों को मैपिंग की प्रक्रिया और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जोनल एवं सेक्टर ऑफिसर्स अपने आवंटित क्षेत्रों के मतदान स्थलों का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे और वहां निर्धारित न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लेंगे।

सहायक नोडल प्रशिक्षण डॉ. संतोष कुमार चमोला ने बताया कि जोनल एवं सेक्टर ऑफिसर्स के प्रशिक्षण का प्रथम सत्र 16 नवंबर 2026 को आयोजित किया जा चुका है। इसी क्रम में गुरुवार को शेष एवं नए नामित अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया, ताकि निर्वाचन के दौरान सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में संतोष रावत, विजय सिंह नेगी सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के कार्मिक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!