November 19, 2026

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की (हरिद्वार)। उत्तराखंड की भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अपना विरोध तेज कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के कार्यालय में सरकार के कथित भ्रष्टाचार के विरोध में चलाया जा रहा हस्ताक्षर अभियान दूसरे चरण में पहुंच गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षर अभियान के संयोजक डॉ. हरविंदर सिंह तथा महामंत्री संगठन मुन्फेत अली ने पार्टी पदाधिकारियों को हस्ताक्षर अभियान से संबंधित फॉर्म वितरित किए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने और आम जनता के हस्ताक्षर करवाकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। कांग्रेस का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से प्रदेश सरकार के खिलाफ जनता की आवाज को संगठित करना और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाना है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने अपने संबोधन में प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और प्रदेश की जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कई मंत्री बिना धन लिए आम जनता के काम नहीं कर रहे हैं। राजेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश में आम नागरिक अपने जरूरी कार्यों के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने में विफल साबित हो रही है।

राजेंद्र चौधरी ने विशेष रूप से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, रेखा आर्य और धन सिंह रावत पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सरकार से जवाबदेही की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई लगातार जारी रखेगी और जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों तथा कार्यप्रणाली को उजागर करेगी।

उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि हस्ताक्षर अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी से ही सरकार पर जवाबदेही का दबाव बनाया जा सकता है। कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में इस सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए जनता के बीच मजबूती से जाएगी।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने अभियान को प्रत्येक क्षेत्र और वार्ड तक पहुंचाने तथा आम नागरिकों को इससे जोड़ने पर जोर दिया। पार्टी पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि अभियान को पूरी सक्रियता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलीम खान, प्रधान जसवीर सिंह, अनिल पुंडीर, प्रमुख गर्ग, ब्लॉक अध्यक्ष रिजवान अहमद, नीरज सैनी, जिला उपाध्यक्ष मदनपाल भड़ाना, संजय गुड्डू, पूर्व पार्षद मुस्तकीम अहमद, विशाल सहगल, गौरव अग्रवाल, मिलन चौधरी, अक्षय गौतम, डॉ. परवेज, अब्दुल कादिर, विकास चौधरी, प्रसून, परविंदर, जितेंद्र सैनी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा तथा जनता की आवाज को पार्टी के माध्यम से सरकार तक पहुंचाया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!