विकसित रुड़की 2030 का विजन लेकर सामने आए सौरभ सैनी, स्मार्ट इको-नॉलेज सिटी बनाने का रखा प्रस्ताव
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
रुड़की। रुड़की को आधुनिक, विकसित और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त शहर बनाने की दिशा में राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी के सुपुत्र सौरभ सैनी ने ‘विकसित रुड़की 2030–स्मार्ट इको-नॉलेज सिटी’ का प्रस्तावित विजन प्रस्तुत किया है। गांधी महिला शिल्प विद्यालय, रुड़की में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने शहर के समग्र विकास की विस्तृत रूपरेखा मीडिया के सामने रखी। इस विजन का उद्देश्य रुड़की के भविष्य को लेकर व्यापक संवाद शुरू करना और विकास की योजनाओं में आम नागरिकों से लेकर सभी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सौरभ सैनी ने कहा कि रुड़की ऐतिहासिक, शैक्षणिक और तकनीकी दृष्टि से अपनी अलग पहचान रखता है। आईआईटी रुड़की, सीबीआरआई, एनआईएच और बीईजी जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएं इस शहर की पहचान हैं। इसके बावजूद नगर में यातायात व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन और नियोजित विकास के क्षेत्र में अभी काफी संभावनाएं हैं। इन सभी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक साझा विकास दृष्टिकोण तैयार करने की जरूरत है।
छह प्रमुख स्तंभों पर आधारित होगा विकसित रुड़की का विजन
सौरभ सैनी ने बताया कि प्रस्तावित विजन में विकास के छह प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इनमें आधुनिक परिवहन एवं कनेक्टिविटी के तहत इलेक्ट्रिक बस सेवा, साइकिल ट्रैक और स्मार्ट ट्रैफिक व्यवस्था विकसित करने का प्रस्ताव है। तकनीक, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में इनोवेशन हब, कौशल विकास अकादमी और एमएसएमई पार्क स्थापित करने की परिकल्पना की गई है।
विरासत एवं पर्यटन विकास के अंतर्गत सोलानी एक्वाडक्ट हेरिटेज पार्क, अपर गंगा नहर वॉटरफ्रंट और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों को विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं स्वास्थ्य एवं नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में 300 बेड का जिला अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर और मोहल्ला क्लीनिक जैसी सुविधाओं के विस्तार की बात कही गई है।
शिक्षा, खेल एवं महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत मॉडल स्कूल, बेहतर खेल सुविधाएं और महिलाओं के लिए सुरक्षित सार्वजनिक स्थान विकसित करने का लक्ष्य है। इसके अलावा ग्रामीण एवं शहरी विकास के तहत गांवों की कनेक्टिविटी, किफायती आवास, पेयजल व्यवस्था तथा कृषि एवं डेयरी आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की योजना प्रस्तावित है।
1900 करोड़ का निवेश और 15 हजार रोजगार का लक्ष्य
प्रस्तावित विजन दस्तावेज में पांच वर्षों के दौरान लगभग 1900 करोड़ रुपये के निवेश और 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही पांच हजार किफायती आवास, 40 इलेक्ट्रिक बसें और 15 किलोमीटर साइकिल ट्रैक विकसित करने जैसे प्रस्ताव भी शामिल हैं।
सौरभ सैनी ने स्पष्ट किया कि ये सभी आंकड़े प्रस्तावित विकास लक्ष्यों का हिस्सा हैं। इन योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर), संबंधित विभागों की स्वीकृति, वित्तीय संसाधनों और प्रशासनिक समन्वय की आवश्यकता होगी।
सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से मांगे सुझाव
उन्होंने रुड़की के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं, शिक्षाविदों और आम नागरिकों से अपील की कि वे इस विजन पर अपने सुझाव और विचार साझा करें। उन्होंने कहा कि रुड़की का विकास किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि यह विजन किसी के प्रयासों का विकल्प बनने के लिए नहीं, बल्कि पहले से चल रहे विकास कार्यों को एक व्यापक दृष्टिकोण से जोड़ने और नए विचारों को सामने लाने की पहल है।
प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों ने यातायात, रोजगार, पर्यटन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सवाल उठाए। सौरभ सैनी ने सभी सवालों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रुड़की के बेहतर भविष्य के लिए यह संवाद लगातार जारी रहना चाहिए।

