November 8, 2026

रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल ने देश, प्रदेश और नगरवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की। दीपावली के पावन पर्व पर रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल ने देश, प्रदेश और रुड़की नगरवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने नगर निगम और अपने पूरे परिवार की ओर से सभी भारतवासियों तथा रुड़की शहर के निवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि दीपावली खुशियों, उमंग और रोशनी का त्योहार है। यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और आपसी प्रेम का संदेश लेकर आता है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में दीपावली का त्योहार बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया जा रहा है। ऐसे शुभ अवसर पर वह सभी नगरवासियों के उज्ज्वल भविष्य और परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।

उन्होंने विशेष रूप से रुड़कीवासियों से अपील करते हुए कहा कि दीपावली मनाते समय पर्यावरण और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। पटाखों से निकलने वाले धुएं के कारण वायु प्रदूषण बढ़ता है, जिसका बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए बच्चों को पटाखों के धुएं से दूर रखें और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाएं।

मेयर ने नगरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान अपने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और कूड़ा इधर-उधर न फैलाएं।

उन्होंने डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर भी लोगों को सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, गमलों और अन्य स्थानों की नियमित सफाई करें तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं।

अंत में मेयर अनीता अग्रवाल ने सभी नगरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ यह पर्व मनाएं तथा रुड़की को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में अपना सहयोग दें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!