October 30, 2026

राष्ट्रीय ड्रैगन बोट चैंपियनशिप में उत्तराखंड का जलवा, हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण में ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

ब्योरो दिलशाद खान KNEWS18 | हरिद्वार-रुड़की।

दिल्ली में आयोजित 13वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) में सम्मानित किया गया। ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेठ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

नई दिल्ली की भलस्वा झील में 18 से 20 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक सहित कुल नौ पदक जीते। वहीं, 25 राज्यों की रैंकिंग में उत्तराखंड ने तीसरा स्थान हासिल किया। पिछले वर्ष प्रदेश की टीम सातवें स्थान पर रही थी।

खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जताया गर्व

ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ ने कहा कि रुड़की की पुरानी नहर पर अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पूरे उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए गंभीर है। खिलाड़ियों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि नहर पर अभ्यास के दौरान उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग से समन्वय को लेकर कुछ चुनौतियां सामने आई हैं। इन समस्याओं को प्रशासन के संज्ञान में लाया गया है।

रुड़की में राष्ट्रीय प्रतियोगिता कराने की तैयारी

आईआईटी रुड़की के खेल अधिकारी डॉ. आलोक कुमार पांडेय ने शानदार प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष सातवें स्थान पर रहने वाली टीम ने इस बार तीसरा स्थान हासिल किया है। ड्रैगन बोट और वाटर स्पोर्ट्स की सुविधाएं बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। अगले एक-दो वर्षों में रुड़की में राष्ट्रीय ड्रैगन बोट चैंपियनशिप आयोजित कराने की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा।

कैप्टेन करणवीर ने कहा कि राष्ट्रीय ड्रैगन बोट चैंपियनशिप में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन गर्व की बात है। छह स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीतना खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

सम्मानित होने पर खिलाड़ियों ने ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट का आभार जताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और खेल से जुड़े लोग मौजूद रहे।

oplus_0
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!