रुड़की में भाकियू (रोड़) की महापंचायत, 14 सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों ने भरी हुंकार,महापंचायत में उठाए बड़े मुद्दे
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS18)| हरिद्वार
किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (रोड़) ने रुड़की में एसडीएम चौक के पास महापंचायत आयोजित की। महापंचायत में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार और पूंजीपतियों पर किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। महापंचायत के दौरान किसानों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के बाद किसानों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ को 14 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी भेजने की बात कही गई।
किसानों की समस्याओं के समाधान की उठी मांग
महापंचायत को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन (रोड़) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी गुलशन सिंह रोड़ ने कहा कि किसानों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार आवाज उठानी पड़ रही है। सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि किसानों के हितों की रक्षा करते हुए उनकी जायज मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी से जुड़े मामलों में किसानों को राहत मिलनी चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक और प्रशासनिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
14 सूत्रीय मांग पत्र में कई अहम मुद्दे शामिल
किसानों की ओर से सौंपे गए मांग पत्र में चकबंदी अधिकारियों के कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने, खेतों से पानी की निकासी की समस्या दूर करने तथा एआरटीओ के चालान और बिजली कनेक्शन काटने से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई।
इसके अलावा किसानों ने राशन कार्ड बनवाने, इकबालपुर शुगर मिल से बकाया गन्ना भुगतान दिलाने और खराब फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। किसानों ने टोल प्लाजा पर वसूली बंद करने और सोलर प्लांट से संबंधित छूट के मुद्दे पर भी कार्रवाई की मांग की।
महापंचायत में ढंडेरा के तालाबों से अतिक्रमण हटाने, किसानों को उनकी पसंद के अनुसार फसल की दवाएं, खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा पेयजल निगम की जलापूर्ति बहाल करने का मुद्दा भी उठाया गया। लिब्बरहेड़ी में क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत कराने और किसानों की आवाजाही को सुचारु रखने के लिए अस्थायी पुल बनाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
50 से अधिक ट्रैक्टर लेकर पहुंचे किसान
महापंचायत में किसानों का उत्साह देखने को मिला। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से किसान और युवा 50 से अधिक ट्रैक्टर लेकर कार्यक्रम में पहुंचे। सड़कों पर ट्रैक्टरों के काफिले और एक कतार में निकलते वाहनों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर एकजुटता प्रदर्शित की।
सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
महापंचायत को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। मलकपुर चुंगी, रामपुर चुंगी, आजाद नगर चौक, रामनगर चौक, गणेशपुर, गोल चक्कर और रुड़की बस अड्डे सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। महापंचायत स्थल तक आने वाले मार्गों पर निगरानी रखी गई और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई। आसपास के थानों और कोतवालियों से भी पुलिस बल बुलाया गया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई। अब किसानों की नजरें प्रशासन और सरकार की ओर से इन मांगों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।





