हजारा ग्रांट में लौहार बिरादरी की भव्य बैठक, सैकड़ों लोगों ने सोसाइटी से जुड़ने का लिया संकल्प
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
(रुड़की हरिद्वार)। हजारा ग्रांट। हजारा ग्रांट में लौहार बिरादरी की एक भव्य बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने रियल मुल्तानी लौहार वेलफेयर सोसाइटी रजिस्टर्ड भारतवर्ष से जुड़कर बिरादरी की एकता और सामाजिक उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चौधरी मौ. मुबशशीर एडवोकेट और उनकी टीम के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बिरादरी के लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसा मजबूत आधार तैयार करना चाहिए, जिसकी छांव में आने वाली पीढ़ियां सुकून, सम्मान और बेहतर भविष्य के साथ जीवन जी सकें।
वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा, समानता, न्याय, एकता, भाईचारा, तरक्की और खुशहाली को आधार बनाना जरूरी है। सभी लोगों को समान अधिकार और अवसर मिलने से ही बिरादरी और समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सोसाइटी के संस्थापक जनाब हाजी तौकीर साहब मुख्य अतिथि तथा जनाब अफजाल मुगल साहब सहारनपुर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। हाजी तौकीर साहब ने कहा कि बिरादरी के लोगों को सभी मतभेदों को भुलाकर कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा और आने वाली पीढ़ी को बेहतर तालीम दिलाना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, ताकि बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त कर बड़े अधिकारी और जिम्मेदार पदों पर पहुंच सकें।
तीन लोगों को सौंपी गई संरक्षक की जिम्मेदारी
बैठक के दौरान मोहम्मद आरिफ मिर्जा, सलीम मिर्जा और तसलीम मिर्जा को बिरादरी का संरक्षक बनाया गया। उन्हें समाज को एकजुट करने, शिक्षा को बढ़ावा देने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। तीनों जिम्मेदारों का शाल ओढ़ाकर, माला पहनाकर, प्रमाणपत्र और डायरी भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उत्तराखंड लौहार बिरादरी के संरक्षक शईद मिर्जा, अजमल मिर्जा, कमर मामून, शाहिद हसन, रऊफ अहमद, इसरार मिर्जा, फारूक अहमद और गफ्फार अहमद सहित अन्य लोगों ने योगदान दिया।
बैठक में हजारा, जसोवाला और बंदरजुड़ सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में बिरादरी के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में समाज की एकता, शिक्षा और तरक्की के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
चौधरी मौ. मुबशशीर एडवोकेट ने कहा कि हमें आपसी मतभेद भुलाकर बिरादरी को एकजुट करना है। हमें ऐसा मजबूत आधार तैयार करना होगा, जिसकी छांव में आने वाली पीढ़ियां सुकून से सांस ले सकें। शिक्षा, समानता, न्याय, एकता और भाईचारे को प्राथमिकता देकर ही समाज को तरक्की और खुशहाली की राह पर आगे बढ़ाया जा सकता है।



