October 1, 2026

कांग्रेस पार्टी से युवाओं को आशा, यूकेडी के तीन पदाधिकारियों ने थामा कांग्रेस का हाथ

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। उत्तराखंड की राजनीति में युवाओं की भागीदारी और दल-बदल को लेकर गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में रुड़की में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) से जुड़े तीन पदाधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में यूकेडी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष गौरव अग्रवाल, जिला संगठन सचिव मधुसूदन जौहरी और छात्र संघ जिलाध्यक्ष मिलिंद चौधरी कांग्रेस में शामिल हुए।

जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तीनों नए सदस्यों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर राजेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीतियों में समाज के विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखा जाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को कांग्रेस से उम्मीद है और पार्टी देश को विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

राजेंद्र चौधरी ने भाजपा पर साधा निशाना

राजेंद्र चौधरी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से देश के युवाओं के सामने रोजगार और भविष्य से जुड़े कई सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही है। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए युवाओं का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

गौरव अग्रवाल बोले- युवा कांग्रेस की ओर देख रहा

यूकेडी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए गौरव अग्रवाल ने कहा कि देश का युवा कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियां समाज को जोड़ने पर केंद्रित हैं और इन्हीं विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने यूकेडी के संगठनात्मक कामकाज पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर आपसी मतभेद दिखाई दे रहे हैं और उसकी नीतियां जनहित से जुड़ी अपेक्षाओं को पूरा नहीं कर पा रही हैं।

मधुसूदन जौहरी ने राहुल गांधी की भूमिका को सराहा

जिला संगठन सचिव पद से कांग्रेस में शामिल हुए मधुसूदन जौहरी ने कहा कि वह कांग्रेस की नीतियों से पहले से प्रभावित रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राहुल गांधी युवाओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं। इसी विचारधारा से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

मिलिंद चौधरी ने युवाओं से जुड़ने की अपील की

छात्र संघ जिलाध्यक्ष मिलिंद चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इन्हीं विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा है।

कांग्रेस नेताओं ने किया स्वागत

कार्यक्रम के दौरान जिला उपाध्यक्ष संजय गुड्डू, विकास त्यागी, मुस्तकीम अहमद सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कांग्रेस में शामिल हुए गौरव अग्रवाल, मधुसूदन जौहरी और मिलिंद चौधरी का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। नेताओं ने उम्मीद जताई कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और युवाओं के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!