रोटरी क्लब रुड़की मिडटाउन ने मनाया नेशन बिल्डर अवॉर्ड समारोह, शिक्षक एवं प्रशिक्षक सम्मानित
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। रोटरी क्लब रुड़की मिडटाउन की ओर से सेंटर पॉइंट होटल में ‘नेशन बिल्डर अवॉर्ड’ सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, खेल, कला और अन्य क्षेत्रों के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व, प्रतिभा और भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले करीब 20 शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। क्लब की ओर से सभी सम्मानित शिक्षकों को प्रमाण-पत्र के साथ गमले और पौधे भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना रहा। विभिन्न स्कूलों, संस्थानों और क्षेत्रों से चयनित शिक्षकों को उनके योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित होने वालों में दिव्या गुप्ता, निधि बारतर, रुचि गिरी, रितिका गुप्ता, अमरदीप सिंह, हिमांशु, यशोदा बिष्ट, मेघा भंडारी, मुक्ता जैन, विष्णु दत्त गौड़, आंचल वर्मा, विकास, रिया भट्ट, मंजू कांडपाल, सरिता दास, प्रशांत कपिल, विभूति सैनी और विवेक वर्मा शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्ष रोटेरियन अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए ज्ञान, संस्कार और सही दिशा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की दशा और दिशा तय करने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कोई शिक्षक रसायन विज्ञान पढ़ाकर विद्यार्थियों को आगे बढ़ा रहा है, तो कोई गणित, खेल या कला के क्षेत्र में बच्चों की प्रतिभा को निखार रहा है। ऐसे सभी शिक्षकों का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आज हम जीवन में जो कुछ भी सीखते हैं, उसमें हमारे शिक्षकों का योगदान रहता है। इसलिए सीखने की प्रक्रिया को कभी रोकना नहीं चाहिए और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना हमेशा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से शिक्षकों का चयन कर उन्हें सम्मानित करने के लिए प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन डॉ. केनेथ सैमुअल का आभार व्यक्त किया।
अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि सम्मानित शिक्षकों को पौधे भेंट करने के पीछे भी एक विशेष संदेश है। जिस प्रकार शिक्षक बच्चों को निरंतर ज्ञान और संस्कार देकर एक मजबूत व्यक्तित्व के रूप में तैयार करते हैं, उसी प्रकार पौधे भी देखभाल और संरक्षण से बढ़कर वृक्ष बनते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षक इन पौधों की देखभाल के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी आगे बढ़ाएंगे।
समारोह में पीडीजी रोटेरियन हेमंत अरोड़ा, आईपीडीजी रोटेरियन रवि प्रकाश, रोटेरियन कमल धवन, रोटेरियन संजीव कौशल, रोटेरियन राजेश गुप्ता, रोटेरियन रमेश रावल, इंदु रावल, रोटेरियन सुधांशु, रोटेरियन राहुल समेत क्लब के अनेक सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एन श्वेता अग्रवाल और एन अक्षरा सिंह ने किया।
सम्मानित शिक्षकों ने रोटरी क्लब रुड़की मिडटाउन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान से शिक्षकों का उत्साह बढ़ता है और वे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं। समारोह में शिक्षक सम्मान के साथ शिक्षा, खेल, कला और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।





