बिना मान्यता के चल रहे दो मदरसों पर प्रशासन की कार्रवाई, तहसीलदार रुड़की के नेतृत्व में किए गए सील
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। उत्तराखंड में मदरसा शिक्षा व्यवस्था के तहत लागू नई व्यवस्था के बाद बिना आवश्यक मान्यता और दस्तावेजों के संचालित मदरसों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में रुड़की तहसील क्षेत्र में प्रशासन की टीम ने दो मदरसों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना मान्यता संचालित मदरसा संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
तहसील प्रशासन की टीम ने महिग्रान और सत्ती मोहल्ले में संचालित दो मदरसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित संचालक आवश्यक मान्यता एवं दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार दोनों मदरसों को सील करने की कार्रवाई की। इस दौरान तहसील प्रशासन की पूरी टीम मौके पर मौजूद रही।
बताया गया कि जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिले में संचालित मदरसों की मान्यता और दस्तावेजों की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न मदरसों का निरीक्षण किया।
तहसीलदार विकास अवस्थी ने बताया, जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्र में संचालित मदरसों की जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान जिन संस्थानों के पास निर्धारित मान्यता अथवा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अन्य मदरसों की भी जांच-पड़ताल जारी है और सभी संबंधित संस्थानों से आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा जा रहा है।
उत्तराखंड सरकार ने मदरसा शिक्षा व्यवस्था में बदलाव करते हुए आधुनिक एवं मुख्यधारा की शिक्षा पर विशेष जोर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि प्रदेश में ऐसी शिक्षा व्यवस्था को प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा, जो बच्चों को आधुनिक शिक्षा से दूर रखे। सरकार का कहना है कि राज्य के सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।
सरकार के अनुसार, नई व्यवस्था में बच्चों को उनकी सांस्कृतिक और धार्मिक जड़ों से जुड़े रहने के साथ-साथ विज्ञान, गणित, कंप्यूटर, कौशल विकास तथा अन्य आधुनिक विषयों की शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
रुड़की में दो मदरसों को सील किए जाने की कार्रवाई के बाद अब प्रशासन की नजर क्षेत्र में संचालित अन्य मदरसों पर भी है। आने वाले दिनों में निरीक्षण अभियान और तेज होने की संभावना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मान्यता और नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
