August 31, 2026

रेलवे स्टेशन के बाहर युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, करीब 30 युवकों पर हमला करने का आरोप

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। रेलवे स्टेशन के बाहर चाय की दुकान पर हुए मामूली विवाद के बाद एक युवक के साथ करीब 30 युवकों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने पीड़ित को पहले दुकान के अंदर घेरकर पीटा और जब वह जान बचाकर वहां से भागा तो आरोपितों ने उसका पीछा किया। बाद में युवक को दोबारा घेरकर बुरी तरह पीटा गया। मारपीट की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घायल युवक का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के सत्ती मोहल्ला निवासी अनीश अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र उवैश शुक्रवार को अपने एक रिश्तेदार को रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था। रिश्तेदार को स्टेशन पर छोड़ने के बाद उवैश अपने एक मित्र के साथ स्टेशन के बाहर स्थित चाय की दुकान पर बैठकर चाय पी रहा था।

बताया गया है कि इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कई युवक उवैश के साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि युवकों ने उसे घेरकर कुर्सी और टीन के कनस्तर से भी हमला किया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए उवैश वहां से निकलकर गन्ना सोसायटी की ओर भागा।

आरोप है कि हमलावर युवकों ने उसका पीछा किया और उसे दोबारा घेर लिया। इसके बाद करीब 30 युवकों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। युवक को तब तक पीटे जाने का आरोप है, जब तक वह बुरी तरह घायल होकर जमीन पर नहीं गिर गया। हमलावरों के मौके से चले जाने के बाद परिजन और परिचित वहां पहुंचे तथा घायल उवैश को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

CCTV में कैद हुई मारपीट

मारपीट की पूरी घटना चाय की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। सामने आए फुटेज में कई युवक आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इसी सीसीटीवी फुटेज को जांच का महत्वपूर्ण आधार मान रही है। फुटेज के जरिए घटना में शामिल युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में तेलीवाला-पाडली गुर्जर क्षेत्र के कुछ युवकों पर आरोप लगाए गए हैं। वहीं, पीड़ित परिवार के एक मंत्री के करीबी होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में गंगनहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जाएगी और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद रेलवे स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह बड़ी संख्या में युवकों द्वारा मारपीट किया जाना गंभीर मामला है। अब पुलिस की कार्रवाई और आरोपितों की गिरफ्तारी पर सभी की नजर बनी हुई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!