किसान मजदूर संगठन ने मुफ्त बिजली-पानी और स्थानीय युवाओं को 70% रोजगार की मांग को लेकर प्रदीप बत्रा को सौंपा ज्ञापन
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। किसान मजदूर संगठन सोसायटी (रजि.) के प्रतिनिधिमंडल ने रुड़की विधानसभा के विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा से मुलाकात कर किसानों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा। संगठन ने सरकार से किसानों को सिंचाई के लिए 100 प्रतिशत मुफ्त बिजली-पानी उपलब्ध कराने तथा प्रदेश में स्थापित उद्योगों में स्थानीय युवाओं को न्यूनतम 70 प्रतिशत रोजगार देने की मांग प्रमुखता से उठाई।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट महक सिंह सैनी ने कहा कि उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश के रूप में जाना जाता है और यहां के जल संसाधनों एवं जल विद्युत से देश के कई हिस्सों को लाभ मिलता है। ऐसे में प्रदेश के किसानों को भी सिंचाई के लिए बिजली और पानी पर राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में किसानों को अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से राहत दी जा रही है। इसी तर्ज पर उत्तराखंड के किसानों को भी सिंचाई की लागत से राहत मिलनी चाहिए।
संगठन ने मांग की कि नहरों, सरकारी ट्यूबवेल और निजी ट्यूबवेल से सिंचाई करने वाले सभी किसानों को 100 प्रतिशत मुफ्त बिजली और पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। संगठन का कहना है कि महंगे सिंचाई बिल और पानी से जुड़े शुल्क किसानों की आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ डाल रहे हैं।
वहीं संगठन ने उत्तराखंड में स्थापित सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी उद्योगों, विशेष रूप से सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय मूल निवासी युवाओं के लिए न्यूनतम 70 प्रतिशत रोजगार सुनिश्चित करने की मांग की। महक सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं होने के कारण युवाओं का पलायन बढ़ रहा है। यदि स्थानीय युवाओं को उनके क्षेत्र में रोजगार मिलेगा तो पलायन पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को तेज करने के लिए मजबूर होगा।
मांग पत्र स्वीकार करते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने संगठन की मांगों को किसान, मजदूर और युवाओं के हित में जायज बताया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मांगों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
मंत्री के सकारात्मक आश्वासन के बाद संगठन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी राजेंद्र कुमार सहित पदाधिकारियों ने उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सेठपाल सिंह, राष्ट्रीय सचिव ब्रह्म सिंह धीमान, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वेदपाल सैनी, कलियर विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद इसरार, खानपुर विधानसभा अध्यक्ष मुनेश पाल, महानगर रुड़की कमेटी अध्यक्ष सतीश चंद्र फौजी, नगर महामंत्री नाथी राम सैनी, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी सत्येंद्र सैनी, राष्ट्रीय रक्तदान प्रभारी योगेंद्र सैनी, वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेश धीमान, लक्ष्मीचंद, रविंद्र कुमार, राष्ट्रीय प्रभारी संगठन नवीन मारिया, राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण कुमार सैनी, नगर संरक्षक गोपाल सैनी और गजेंद्र सिंह सैनी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



