स्वतंत्रता दिवस पर नगर पंचायत झबरेड़ा ने नगरवासियों से स्वच्छता और जिम्मेदार नागरिकता की अपील की
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
झबरेड़ा। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर पंचायत झबरेड़ा की ओर से समस्त नगरवासियों, प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। नगर पंचायत की ओर से स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के साथ नागरिकों से नगर के विकास, स्वच्छता और बेहतर नागरिक व्यवस्था में सहयोग करने की अपील भी की गई।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत एवं अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि नगर के विकास में प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने नगरवासियों से नगर पंचायत के करों का भुगतान समय से करने तथा नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
नगर पंचायत ने नागरिकों से जन्म एवं मृत्यु का पंजीकरण समय से करवाने, सड़कों पर अतिक्रमण न करने तथा भवन निर्माण से पूर्व स्वीकृत मानचित्र प्राप्त करने का आग्रह किया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करने और गीले एवं सूखे कूड़े को अलग-अलग करके नगर पंचायत की कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को देने की अपील की गई।
नगर पंचायत की ओर से खुले में शौच नहीं करने का संदेश देते हुए स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ झबरेड़ा के निर्माण में सभी नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की गई। संदेश में कहा गया कि स्वच्छता, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार से ही नगर को बेहतर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी एवं अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत के साथ सभासद श्रीमती शारदा प्रवीण, सुश्री खुशी वाल्मीकि, श्री जसवीर सिंह, श्री अनुज कुमार सैनी, श्री मोमीन, श्री मौ. सलमान अंसारी, श्री शुभम गोयल, श्री नितिश सिंघल, श्रीमती रेनू सैनी सहित नगर पंचायत कर्मचारीगण ने भी नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
नगर पंचायत ने नागरिकों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के प्रति अपने कर्तव्यों के साथ नगर के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी निभाएं और झबरेड़ा को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में अपना योगदान दें।
