August 17, 2026

नगर निगम रुड़की ने स्वतंत्रता दिवस पर स्वच्छता का दिया संदेश, नागरिकों से सहयोग की अपील

Oplus_16908288

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम रुड़की की ओर से समस्त नगरवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। इस मौके पर नगर निगम ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की है।

नगर निगम ने “हमारा संकल्प: स्वच्छ एवं सुंदर रुड़की” के तहत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर नागरिकों से सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। इसमें स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 में बेहतर रैंकिंग के लिए नागरिक फीडबैक और भागीदारी को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया गया है।

नगर निगम ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत घर-घर कचरा पृथक्कीकरण (गीला एवं सूखा कचरा) को अनिवार्य रूप से अपनाने की अपील की है। साथ ही सभी नागरिकों, दुकानदारों, होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल एवं अन्य प्रतिष्ठानों से अनुरोध किया गया है कि वे कचरे को अलग-अलग कर नगर निगम के कूड़ा वाहनों में ही डालें।

नगर निगम ने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने पर जोर देते हुए कहा है कि बाजार में खरीदारी के दौरान कपड़े या कागज के थैलों का उपयोग किया जाए तथा प्लास्टिक कचरे को जलाने से बचा जाए।

इसके अलावा नागरिकों से विवाह पंजीकरण कराने, सड़कों एवं नालियों पर अतिक्रमण न करने, शौचालय के नियमित उपयोग तथा खुले में शौच से बचने की भी अपील की गई है। साथ ही समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर नगर विकास में योगदान देने का आग्रह किया गया है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सूखा कचरा नीले डिब्बे में और गीला कचरा हरे डिब्बे में ही डाला जाए, ताकि कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा सके।

महापौर अनीता देवी अग्रवाल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “रुड़की को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हर नागरिक स्वच्छता को अपनी आदत बना ले, तो हमारा शहर देश में एक आदर्श उदाहरण बन सकता है। नगर निगम इस दिशा में लगातार कार्य कर रहा है और जनता के सहयोग से हम निश्चित रूप से रुड़की को स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचाएंगे।”

नगर आयुक्त गोपालराम बिनवाल, महापौर अनीता देवी अग्रवाल तथा समस्त पार्षदगण एवं नगर निगम परिवार ने संयुक्त रूप से नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं और रुड़की को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने में सहयोग करें।

नगर निगम ने संदेश दिया है— “स्वच्छता अपनाएं, रुड़की को नंबर 1 बनाएं”, क्योंकि स्वच्छता ही सेवा है और स्वच्छ रुड़की ही सुंदर एवं समृद्ध रुड़की का आधार है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!