परीक्षा घोटालों से युवाओं का भविष्य संकट में, पेपर लीक, परीक्षा अव्यवस्थाओं और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के लिए केंद्र सरकार को ठहराया जिम्मेदार

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। देशभर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को गहरा आघात पहुंचा है और लाखों युवाओं के सपने टूट रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी देशव्यापी स्तर पर “छात्रों की गूंज” संवाद अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य छात्रों और युवाओं की समस्याओं को सीधे सुनना तथा उनकी आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उनके सुझावों एवं शिकायतों को संकलित करेंगे। रुड़की में भी अगले दो दिनों के भीतर इस अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आने से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्थाओं और कुप्रबंधन के कारण भी अनेक छात्र-छात्राएं परीक्षा से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले छात्रों को जब निष्पक्ष अवसर नहीं मिलता, तो उनका आत्मविश्वास और व्यवस्था पर विश्वास दोनों कमजोर हो जाते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि नीट परीक्षा को लेकर देशभर में फैले असंतोष और तनाव के कारण कई विद्यार्थियों ने आत्महत्या जैसा दुखद कदम उठाया है। ऐसी घटनाएं शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाती हैं और सरकार को इसकी नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।
प्रेसवार्ता में मौजूद पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा संबंधी गड़बड़ी नहीं, बल्कि देश की प्रतिभाओं के साथ किया जा रहा अन्याय है। उन्होंने कहा कि जब प्रश्नपत्र पहले ही लीक हो जाते हैं तो ईमानदारी से मेहनत करने वाले लाखों युवाओं का मनोबल टूट जाता है। इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है और योग्य युवाओं के अवसर छिन जाते हैं।
गौरव गोयल ने कहा कि यदि सरकार समय रहते पारदर्शी और सख्त परीक्षा प्रणाली लागू नहीं करती तो युवाओं का लोकतांत्रिक संस्थाओं और सरकारी व्यवस्थाओं से विश्वास उठ सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसके युवाओं पर निर्भर करती है और उनके भविष्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी होती है।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में आयोजित कई प्रमुख परीक्षाएं विवादों में रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीएसई की कॉपी जांच प्रक्रिया को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं, जबकि नीट परीक्षा को लेकर छात्रों और अभिभावकों में व्यापक असंतोष व्याप्त है।

यूथ कांग्रेस नगर अध्यक्ष उवैश अंसारी ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटालों ने युवाओं का भविष्य दांव पर लगा दिया है। केंद्र सरकार युवाओं को निष्पक्ष अवसर देने में विफल रही है। कांग्रेस “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से छात्रों की आवाज बुलंद करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी युवाओं के अधिकारों, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए संघर्ष जारी रखेगी तथा “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!