स्वस्थ जीवन का मंत्र: अशोक नगर में एक सप्ताह तक चला योग एवं प्राणायाम शिविर,स्वस्थ और संयमित जीवन के लिए योग आवश्यक: हर्ष प्रकाश काला
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 22 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति की ओर से आयोजित एक सप्ताह के योग एवं प्राणायाम शिविर का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 15 जून से प्रारंभ हुए इस विशेष शिविर में क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों के महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
शिविर में योगाचार्य श्रीमती सर्वेश गोस्वामी ने प्रतिभागियों को योग, प्राणायाम और ध्यान की विभिन्न विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के सरल उपाय भी बताए गए।
समापन अवसर पर अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति के केंद्रीय अध्यक्ष हर्ष प्रकाश काला ने कहा कि स्वस्थ और संयमित जीवन के लिए योग आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़, तनावपूर्ण दिनचर्या और अव्यवस्थित खान-पान के कारण लोगों में विभिन्न प्रकार की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे समय में योग एक प्रभावी और प्राकृतिक समाधान के रूप में सामने आया है।
उन्होंने कहा कि समिति समय-समय पर ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहती है ताकि क्षेत्र के नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिल सके। उनका मानना है कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है।” यदि व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहेगा तो वह समाज और राष्ट्र के विकास में भी बेहतर योगदान दे सकेगा।
हर्ष प्रकाश काला ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सामाजिक विकृति का रूप लेती जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को मिलकर ऐसे प्रयास करने होंगे जिससे युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर हो। योग और खेलकूद जैसी गतिविधियां युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
शिविर के समापन समारोह में योगाचार्य श्रीमती सर्वेश गोस्वामी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने भी उनके मार्गदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की।
कार्यक्रम में शिवाजी कॉलोनी अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट, आदर्श शिवाजी नगर की पूर्व अध्यक्षा संतोषी राणा, अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति के संपत्ति मंत्री दिगंबर सिंह नेगी, योगम्बर सिंह रौथाण, सरोज बड़थ्वाल, कमला बिष्ट, इंदु शरण, लक्ष्मी नेगी, उपाध्यक्ष जीवानंद बुडाकोटी, गिरधारी लाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिवाजी कॉलोनी अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने किया। शिविर के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों और समिति के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
