भ्रष्टाचार के खिलाफ जन निर्माण पार्टी का ऐलान, 2027 चुनाव की तैयारी में जुटे उमेश कुमार
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। उत्तराखंड की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नए राजनीतिक समीकरण बनने शुरू हो गए हैं। खानपुर विधायक उमेश कुमार की पत्नी सोनिया शर्मा ने जन निर्माण पार्टी की औपचारिक शुरुआत कर प्रदेश की राजनीति में नई पारी का आगाज किया है। रुड़की के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। इस दौरान पार्टी की भावी रणनीति, संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से भ्रष्टाचार एक बड़ी समस्या बना हुआ है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जन निर्माण पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएगी और इस मुद्दे को जन आंदोलन का रूप देने का काम करेगी।
सोनिया शर्मा ने युवाओं से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने कहा कि जन निर्माण पार्टी युवाओं को रोजगार दिलाने, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पेपर लीक जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर संघर्ष करेगी।
प्रेसवार्ता के दौरान सोनिया शर्मा ने बताया कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है। जल्द ही प्रदेशभर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर आगामी चुनावों की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जन निर्माण पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में अभियान चलाएगी और लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनेगी।
वहीं खानपुर विधायक उमेश कुमार ने भी कार्यक्रम में अपनी राजनीतिक रणनीति को लेकर बड़ा संकेत दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव जन निर्माण पार्टी के बैनर तले ही लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है और जल्द ही इस संबंध में औपचारिक घोषणा की जाएगी।
उमेश कुमार ने दावा किया कि जन निर्माण पार्टी प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बनकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि जनता पारंपरिक राजनीति से निराश है और अब बदलाव चाहती है। पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेगी।
नई पार्टी के गठन के साथ ही उत्तराखंड की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक जानकार भी इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम मान रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि जन निर्माण पार्टी आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में कितना प्रभाव छोड़ पाती है और 2027 के चुनाव में क्या भूमिका निभाती है।
