स्वागत बोर्ड लगा, लेकिन जलभराव से बेहाल गणेश विहार वार्ड-17 के लोग संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा

(KNEWS18 | दिलशाद खान, एडिटर इन चीफ)

रुड़की, 13 जून 2026।
रुड़की के गणेश विहार वार्ड नंबर-17 में विकास के दावों की हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर “गणेश विहार में आपका स्वागत है” का आकर्षक बोर्ड तो लगा दिया गया है, लेकिन अंदर प्रवेश करते ही लोगों का सामना जलभराव, गंदगी और बदहाल व्यवस्थाओं से हो रहा है। पिछले लगभग डेढ़ महीने से क्षेत्र की कई गलियों में पानी जमा है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़कें तालाब का रूप ले चुकी हैं। जमा पानी के बीच से होकर लोगों को अपने घरों तक पहुंचना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़कें पूरी तरह पानी में डूबी हुई हैं, जिससे आवागमन जोखिम भरा बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी मानसून की शुरुआत भी नहीं हुई है, लेकिन हालात इतने खराब हैं। यदि लगातार बारिश शुरू हो गई तो स्थिति और भी गंभीर हो जाएगी। लोगों को डर है कि आने वाले दिनों में जलभराव और बढ़ेगा तथा कॉलोनी के कई हिस्सों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है।
जमा पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। क्षेत्रवासियों के अनुसार गंदे पानी से दुर्गंध भी उठ रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर परिवारों में चिंता का माहौल है।
स्थानीय निवासियों ने कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है। हाल ही में नगर निगम के एसएनए को भी समस्या से अवगत कराया गया, जिस पर जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया था। हालांकि आश्वासन के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई धरातल पर दिखाई नहीं दी है। इससे लोगों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि केवल स्वागत बोर्ड लगाने से विकास नहीं होता, बल्कि मूलभूत सुविधाओं का बेहतर होना आवश्यक है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, नालियों की सफाई कराई जाए और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।
स्थानीय निवासी रामदास, रणधीर, राम सिंह नेगी और चमीलदास सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर गणेश विहार वार्ड-17 के लोगों को इस जलभराव की समस्या से कब राहत मिलेगी और प्रशासन कब जागकर प्रभावी कार्रवाई करेगा। फिलहाल कॉलोनीवासी समाधान की प्रतीक्षा में हैं और उम्मीद लगाए बैठे हैं कि संबंधित विभाग उनकी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जल्द राहत प्रदान करेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!