पुहाना में जन अधिकार पार्टी (ज.) का शक्ति प्रदर्शन, बीडीसी दिलशाद के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने ली सदस्यता; आज़ाद अली बोले- जनता तलाश रही तीसरा विकल्प

(ब्योरो दिलशाद खान । KNEWS18)

भगवानपुर। विधानसभा क्षेत्र के पुहाना गांव में आयोजित जन अधिकार पार्टी (ज.) के जन संवाद एवं सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली टोल प्लाज़ा से गाड़ियों के काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ और लोगों के उत्साह को देखकर आज़ाद अली काफी उत्साहित दिखाई दिए। इस दौरान बीडीसी दिलशाद के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने जन अधिकार पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास जताया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीसी दिलशाद ने कहा कि क्षेत्र की जनता कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों से निराश हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से दोनों पार्टियों ने मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। अब मतदाता जागरूक हो चुका है और किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है। जनता प्रदेश और देश के लिए एक मजबूत तीसरे विकल्प की तलाश कर रही है।
दिलशाद ने कहा कि जन अधिकार पार्टी का उद्देश्य जनता को राजनीतिक भागीदारी का अवसर देना और समाज में नई नेतृत्व क्षमता विकसित करना है। पार्टी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनहित के मुद्दों को उठाने का कार्य कर रही है।


वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली ने अपने संबोधन में कांग्रेस और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जनता को हिंदू-मुस्लिम के नाम पर बांटने की राजनीति की जा रही है और लोगों के मन में भय का माहौल बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी सर्व समाज की पार्टी है और हर धर्म, हर वर्ग तथा हर जाति के लोगों के अधिकारों की आवाज उठाने का काम कर रही है।
आज़ाद अली ने कहा कि यदि उनकी पार्टी का कोई प्रभाव नहीं है तो फिर अन्य दलों को उनसे डर क्यों लग रहा है। उन्होंने हरिद्वार जिले के कांग्रेस विधायकों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं और आने वाले समय में इसका असर देखने को मिलेगा।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार और बढ़ते अपराध जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की जनता इन समस्याओं से जूझ रही है लेकिन सत्ताधारी और विपक्षी दल जनहित के मुद्दों पर गंभीर नहीं हैं।
युवाओं को संबोधित करते हुए आज़ाद अली ने मशहूर शेर सुनाया, “जिस ओर ज़माना चलता है, उस ओर जवानी चलती है।” उन्होंने युवाओं से सामाजिक और राजनीतिक बदलाव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जन अधिकार पार्टी (ज.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा नहीं चाहतीं कि कोई छोटा राजनीतिक दल मजबूती से खड़ा हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल किसी तीसरे राजनीतिक विकल्प को उभरने नहीं देना चाहते। आज़ाद अली ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की राजनीति से त्रस्त जनता अब तीसरे विकल्प की ओर बढ़ रही है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में सोशल मीडिया पर बनी “कॉकरोच जनता पार्टी” के लगभग 30 मिलियन फॉलोअर्स हो गए हैं, जो इस बात का संकेत है कि देश बदलाव और नए विकल्प की तलाश में है।
उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी भी जनता के बीच जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार जनसंपर्क और जनसभाएं कर रही है। पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले की 11 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। प्रत्याशियों के चयन का अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि देहरादून और उधमसिंहनगर जिलों में भी पार्टी संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी पकड़ बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी (ज) जमीनी स्तर पर तेजी से लोगों का समर्थन प्राप्त कर रही है। हरिद्वार जिले की विभिन्न विधानसभा सीटों पर लगातार जनसभाएं आयोजित की जा रही हैं और बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने जन अधिकार पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। सभा में विभिन्न समाजों और समुदायों के लोगों की भागीदारी ने कार्यक्रम को और मज़बूत बना दिया।प्रदेश सचिव कुर्बान अली ने कहा कि जन अधिकार पार्टी जनता के अधिकारों और मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। पार्टी समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। बढ़ती सदस्यता और जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि लोग बदलाव चाहते हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष हसरत ठेकेदार ने कहा कि जन अधिकार पार्टी की सरकार बनने पर पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था को जनहित में और अधिक जवाबदेह बनाया जाएगा तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की रुकावट नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने लोगों से पार्टी से जुड़कर बदलाव की इस मुहिम को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष नदीम ने कहा कि जन अधिकार पार्टी हरिद्वार जिले में तेजी से अपना संगठन मजबूत कर रही है। गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को सुना जा रहा है। पार्टी युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम लोगों की आवाज बनकर कार्य कर रही है तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव कुर्बान अली,प्रदेश उपाध्यक्ष हसरत अली,जिलाध्यक्ष नदीम ,युवा जिलाध्यक्ष सालिम शाह, युवा महासचिव मो.आजम ,डॉ इनाम, मुशर्रफ प्रधान पुहाना,आरिफ किशनपुर, महफूज़, इमरान बरकत,फरमान ,विनीत किशनपुर,विपिन हकीमपुर पूर्व प्रधान प्रत्याशी, अंकित हकीमपुर, मोबिन किशनपुर,अकरम, सय्याद पुहाना आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!