रुड़की में अवैध निर्माण पर प्राधिकरण का शिकंजा, बार-बार नोटिस के बावजूद नहीं रुका निर्माण, एचआरडीए ने सख्त रुख अपनाते हुए भवन किया सील

(ब्योरो दिलशद खान।KNEWS18)

हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली मुख्य मार्ग स्थित मंडावली क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार मंडावली निवासी संजय द्वारा लगभग 20 फीट × 100 फीट क्षेत्रफल में बिना स्वीकृत मानचित्र एवं आवश्यक अनुमति के निर्माण कार्य कराया जा रहा था। शिकायत प्राप्त होने के बाद प्राधिकरण अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया, जिसमें निर्माण कार्य पूरी तरह अनाधिकृत पाया गया। इसके बाद संबंधित अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित करते हुए निर्माणकर्ता को कार्य रोकने के निर्देश जारी किए गए थे।एचआरडीए अधिकारियों के अनुसार निर्माणकर्ता को कई बार नोटिस जारी कर निर्माण कार्य बंद करने के लिए कहा गया, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी रखा गया। बार-बार चेतावनी और निर्देशों की अनदेखी किए जाने पर प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया।कार्रवाई के दौरान भवन पर सीलिंग संबंधी नोटिस भी चस्पा किया गया। एचआरडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र एवं वैधानिक अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करना नियमों के विरुद्ध है तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। सीलिंग अभियान के दौरान कनिष्ठ अभियंता रिया सैनी, सुपरवाइजर किशन यादव, सुपरवाइजर ललित, टेक्निकल सुपरवाइजर प्रखर अग्रवाल तथा पुलिस बल मौजूद रहा।

कनिष्ठ अभियंता रिया सैनी का बयान

कनिष्ठ अभियंता रिया सैनी ने बताया कि संबंधित निर्माणकर्ता को कई बार नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए जा रहे किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।

प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका ने भी स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। एचआरडीए की यह कार्रवाई क्षेत्र में सुनियोजित विकास और भवन निर्माण नियमों के पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!