श्रद्धांजलि सभा में गूंजे जनसमस्याओं के मुद्दे, संगठन की मजबूती पर दिया जोर
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 28 मई। अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष समिति की संयुक्त बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा के साथ-साथ देश एवं समाज के लिए योगदान देने वाले दिवंगत महानुभावों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी तथा पूर्व सैनिक संगठन हरिद्वार के पूर्व अध्यक्ष एवं अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति के सांस्कृतिक सचिव स्वर्गीय कैप्टन मायाराम भट्ट सहित कई दिवंगत सदस्यों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक की अध्यक्षता समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी हर्ष प्रकाश काला ने की। उन्होंने कहा कि मनुष्य के अच्छे और बुरे कर्म ही उसे मृत्यु के बाद भी यादगार बनाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी और स्वर्गीय मायाराम भट्ट जैसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणा हैं।
समिति के केंद्रीय महासचिव शिव चरण बिंजौला ने क्षेत्र में लगातार हो रही विद्युत कटौती, बिजली के बढ़ते बिल और जल निगम द्वारा गंदे पानी की आपूर्ति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं देने में विभाग पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। वहीं कुमाऊं सांस्कृतिक समिति के पूर्व संस्थापक अध्यक्ष देव सिंह सांवन्त ने बिजली बिलों में अतिरिक्त चार्ज और हर माह मीटर किराया वसूले जाने को उपभोक्ताओं के साथ अन्याय बताया। उन्होंने सरकार से इस व्यवस्था में सुधार की मांग की।
समिति के सह सचिव विजय सिंह पंवार ने संगठन की मजबूती के लिए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज जो सुविधाएं लोगों को मिल रही हैं, वे पूर्व पदाधिकारियों और आंदोलनकारियों के संघर्ष का परिणाम हैं। उन्होंने नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, सभ्यता और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने की अपील की।
शिवाजी कॉलोनी की अध्यक्षा एवं भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष नंदा ऐरी ने कहा कि महिला मंडली हर सामाजिक कार्य में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में महिला मंडली द्वारा 41 हजार रुपये तथा उत्तरकाशी के धराली आपदा राहत कोष के लिए 65 हजार रुपये एकत्र किए गए थे।
बैठक में नगर पंचायत ढंडेरा क्षेत्र में साफ-सफाई की खराब व्यवस्था, विकास कार्यों की कमी, अतिक्रमण और आवारा कुत्तों की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। राज विहार कॉलोनी के नंदन सिंह रावत ने ढंडेरा से कर्नल एन्क्लेव होते हुए रुड़की-दिल्ली हाईवे तक जाने वाले लिंक मार्ग की जर्जर स्थिति और जलभराव की समस्या को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि वर्षों से जनप्रतिनिधियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
बैठक में वर्ष 2025-26 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक कॉलोनी के दो-दो छात्रों को सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया।
हर्ष प्रकाश काला ने कहा कि संगठन में ही शक्ति निहित है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, रेलवे स्टेशन के उच्चीकरण और नगर पंचायत गठन जैसे कार्य सामूहिक संघर्ष का परिणाम हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ढंडेरा के पश्चिमी केबिन नंबर 512सी पर स्वीकृत ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू नहीं हुआ तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
बैठक में राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण में हो रही देरी और अधिकारियों की उदासीनता पर भी रोष व्यक्त किया गया। अंत में सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
