श्यामपुर रेंज में टाइगर हत्या मामले पर सख्त हुए वन मंत्री सुबोध उनियाल, घटनास्थल का किया निरीक्षण,दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार। श्यामपुर रेंज में हाल ही में नर और मादा टाइगर की हत्या के मामले ने पूरे वन विभाग और क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। इस गंभीर घटना के बाद उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। उनके साथ राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने वन अधिकारियों के साथ घटनास्थल का जायजा लेते हुए पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व श्यामपुर रेंज क्षेत्र में वन गुर्जरों द्वारा नर और मादा टाइगर के शावकों की हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। इस घटना को वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से बेहद गंभीर माना जा रहा है। प्रदेश में लगातार वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सरकार द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं, ऐसे में इस प्रकार की घटना ने विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
निरीक्षण के दौरान वन मंत्री सुबोध उनियाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति इस घटना में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वन मंत्री ने कहा कि टाइगर देश की महत्वपूर्ण वन्य संपदा हैं और उनकी सुरक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, निगरानी मजबूत करने तथा वन्यजीव अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश भी दिए। साथ ही स्थानीय लोगों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों ने मंत्री को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। वन विभाग द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अनिरुद्ध स्वप्निल, एसडीओ पूनम कैंथोला, रेंजर विनय कुमार राठी सहित वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंत्री को आश्वस्त किया कि मामले में जल्द ही ठोस कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी।श्यामपुर रेंज की इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र के पर्यावरण प्रेमियों और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े लोगों ने भी इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं वन विभाग अब पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच में जुटा हुआ है।
