राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान, पूर्व मेयर गौरव गोयल ने छात्राओं की प्रतिभा, मेहनत व संकल्प को सराहा

(व्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट एवं हाई स्कूल की मेधावी छात्राओं के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मेयर गौरव गोयल ने मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी किसी भी समाज और राष्ट्र की असली शक्ति होते हैं।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि छात्राओं ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर न केवल अपने परिवार बल्कि विद्यालय का नाम भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रही हैं और अस्सी, नब्बे तथा शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर यह साबित कर रही हैं कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज को नई दिशा देने का कार्य करती है और मेधावी छात्राओं का सम्मान अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा देता है।
उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यालय की शिक्षिकाओं और अभिभावकों की भी सराहना की, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम कटियार ने कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मेयर गौरव गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान वास्तव में शिक्षा के प्रति समर्पण का सम्मान है। इससे विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ती है तथा वे आगे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का परिणाम इस वर्ष भी अत्यंत शानदार रहा, जो छात्राओं की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है।
समाजसेवी नवनीत गर्ग ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व मेयर गौरव गोयल द्वारा मेधावी छात्राओं का सम्मान और स्कूली बच्चों को निशुल्क सामग्री वितरण का कार्य अत्यंत सराहनीय है। ऐसे कार्यक्रम समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं और बच्चों का मनोबल बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की अध्यापिकाएं श्रद्धा शर्मा, निरूपा वर्मा, अनु कोहली, ज्योति सैनी, अंजू शाह, संगीता देवराड़ी, सुनीता नौटियाल, मनीषा, रीता बिज्लवाण, अनूप शर्मा सहित रवि गर्ग, विशाल गुप्ता, रियाज अहमद, जहांगीर अहमद और गौरव गर्ग आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान रितिका, अरशी, आयुषी सैनी, नाजिश, इकरा, सिधरा, अंजलि, रितिका और साक्षी सहित कई मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा अध्यापिकाओं निरूपमा वर्मा और अनु कोहली को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से पूर्व मेयर गौरव गोयल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!