रुड़की में सुनार की दुकान से 1.40 लाख की ज्वेलरी चोरी, महिला समेत दो शातिर सीसीटीवी में कैद
(रिपोर्ट दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की के मेन बाजार स्थित इमली रोड पर एक सुनार की दुकान में महिला समेत दो शातिर चोरों ने बेहद चालाकी से लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी कर ली। आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में आये और दुकानदार का ध्यान भटकाकर करीब 1 लाख 40 हजार रुपये की सोने की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए। घटना का खुलासा सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद हुआ, जिसके बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। पीड़ित सुनार ने सौत बी चौकी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार इमली रोड निवासी आबिद हुसैन ने “जेके ज्वैलर्स” के नाम से अपनी दुकान का शुभारंभ किया । आबिद ने बताया कि 14 मई की शाम एक महिला के साथ एक ब्यक्ति ग्राहक बनकर उनकी दुकान पर पहुंचे। दोनो ने पहले सामान्य ग्राहकों की तरह सोने-चांदी की ज्वेलरी देखनी शुरू की, जिससे किसी को उन पर शक नहीं हुआ।
पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने पहले से ही चोरी की पूरी योजना बना रखी थी। महिला ने दुकानदार का ध्यान भटकाने के लिए लगातार बातचीत शुरू कर दी और फोन पर किसी से बात कराने लगी। इसी दौरान युवक ज्वेलरी देखने के बहाने सोने का बुंदा और नथ हाथ में लेकर देखने लगा, जबकि महिला अलग-अलग डिजाइन दिखाने की बात करती रहा। आरोपियों ने दुकानदार को पूरी तरह उलझाए रखा।
आबिद ने बताया कि आरोपियों ने भरोसा जीतने के लिए करीब 14 हजार रुपये की पायल खरीदने की बात कही और 500 रुपये एडवांस भी दे दिए। इसी बीच मौका पाकर उन्होंने करीब 1 लाख 40 हजार रुपये की ज्वेलरी चोरी कर ली और आराम से दुकान से निकल गए। घटना के समय दुकानदार को चोरी की भनक तक नहीं लगी।

कुछ समय बाद जब आबिद ने ज्वेलरी का मिलान किया तो सोने का एक बुंदा और एक नथ गायब मिली। पहले उन्होंने दुकान में काफी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। दो दिन बाद दुकान के उद्घाटन के दौरान जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक की तो उनके होश उड़ गए। फुटेज में महिला समेत दोनों शातिर चोर चोरी करते हुए साफ दिखाई दिए।
घटना के बाद पीड़ित आबिद ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंप दी। आबिद ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर किया जाए ताकि आरोपियों की पहचान जल्द हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी व्यक्ति आरोपियों की पहचान बताएगा उसे उचित इनाम दिया जायेगा पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।आस पास लोगो से पूछताछ की जा रही है आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई ज्वेलरी बरामद कर खुलासा किया जायेगा।बंटी सुनार ने बताया कि महिला समेत दो शातिर ग्राहक बनकर दुकान पर आए थे। उन्होंने बड़ी चालाकी से ध्यान भटकाकर करीब 1 लाख 40 हजार रुपये की ज्वेलरी चोरी कर ली। सीसीटीवी में दोनों आरोपी साफ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने लोगों से आरोपियों की पहचान कराने और वीडियो शेयर करने की अपील की है ।
