भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फूंका पुतला
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ते अपराधों और भाजपा सरकार की कथित नाकामियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के तत्वावधान में शुक्रवार को चंद्रशेखर चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिला नेताओं ने भाग लेते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री वीना आनंद ने की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर महिलाओं के प्रति असंवेदनशील रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि प्रदेश में लगातार महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं।
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार इस कर्तव्य को निभाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का दायित्व है कि वह जनता की आवाज उठाए और महिलाओं की सुरक्षा के लिए संघर्ष करे। उन्होंने भाजपा पर महिलाओं के प्रति “छोटी मानसिकता” रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी कारण भाजपा का “छोटा पुतला” दहन किया गया है।
राजेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर चंपावत सहित कई क्षेत्रों में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं और कई मामलों में भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है, जिससे महिलाओं में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए जागरूकता और सहयोग का संकल्प लेने की अपील की।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने भी भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा में महिलाओं का सम्मान नहीं किया जाता और यही कारण है कि प्रदेश में महिला अपराधों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
महिला कांग्रेस की कार्यकारी जिलाध्यक्ष यास्मीन खान ने कहा कि भाजपा की सोच महिला विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तक नहीं दिया गया और विभिन्न महिला उत्पीड़न मामलों में भाजपा नेताओं के नाम सामने आने से सरकार की मानसिकता स्पष्ट होती है। उन्होंने सरकार से महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उवेश अंसारी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध बेहद चिंताजनक हैं। भाजपा सरकार महिला सुरक्षा के मुद्दे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। कांग्रेस लगातार महिलाओं की आवाज उठाती रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखेगी। कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य भावना चौधरी, मनु जैन, सलीम खान, रिजवान अहमद, सुभाष सैनी, आशीष चौधरी, नीरज सैनी, वैभव सैनी, भूषण त्यागी, डॉक्टर शमशाद मीर, डॉक्टर हरविंदर सिंह, सुधीर चौधरी, मिंटू जायसवाल, नासिर, पंकज त्यागी, जसवीर सिंह, नीरज अग्रवाल, मुकुल प्रधान, मदनपाल सिंह भडाना, सलमान, राहुल सैनी, समीर खान, तुषार अरोड़ा, सादिक खान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
