रुड़की में बाबा श्याम का 51वां संकीर्तन महोत्सव धूमधाम से संपन्न, भजनों से गूंजा दुर्गा चौक मंदिर

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। श्री श्याम मित्र मंडल समिति रजि० रुड़की द्वारा बाबा श्याम का 51वां संकीर्तन महोत्सव दुर्गा चौक मंदिर में बड़े ही भव्य और श्रद्धापूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल के सदस्यों द्वारा विधि-विधान से बाबा की ज्योति प्रज्वलित कर किया गया, जिसके साथ ही पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बन गया।
देर रात तक चले इस संकीर्तन महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भक्तों ने बाबा श्याम के मधुर भजनों पर झूमते हुए भक्ति का आनंद लिया और पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर “जय श्री श्याम” के जयकारों से गूंजता रहा।
इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल भी संकीर्तन में पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना की। मंडल के पदाधिकारियों द्वारा उन्हें पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने इस तरह के धार्मिक आयोजनों को समाज में एकता और आस्था का प्रतीक बताया और मंडल के प्रयासों की सराहना की।
महोत्सव की विशेष आकर्षण भजन संध्या रही, जिसमें लुधियाना के प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल के शिष्य भजन सम्राट कुमार गौरव ने अपनी मधुर वाणी से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं रुड़की के भजन गायक दिनेश बजरंगी ने भी अपने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। दोनों गायकों की प्रस्तुति पर भक्त झूम उठे और देर रात तक भक्ति का यह सिलसिला चलता रहा।
कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष राहुल बंसल, अंकुर गोयल, पंकज गुप्ता, प्रेमचंद अग्रवाल, योगेश गोयल, नितिन गोयल, सचिन बंसल, शुभम गोयल सहित समिति के सभी पदाधिकारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया।
अंत में मंडल अध्यक्ष राहुल बंसल ने बाबा श्याम से प्रार्थना की कि वे पूरे मंडल और समस्त श्रद्धालुओं पर अपनी कृपा बनाए रखें। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।






