गैस महंगाई और किल्लत के विरोध में जन अधिकार पार्टी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार। जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) ने बढ़ती रसोई गैस की कीमतों, सिलेंडरों की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में हरिद्वार में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ऋषिकुल चौक से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक रैली निकालकर विरोध जताया और सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान हेमा भंडारी ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार बढ़ती गैस सिलेंडर की कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की रसोई पर गंभीर असर डाला है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस आम आदमी की जरूरत है, लेकिन महंगाई के कारण यह अब आम जनता की पहुंच से दूर होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण जनता को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान हालात में लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है, वहीं कई क्षेत्रों में गैस की आपूर्ति भी बाधित हो रही है। इसके अलावा बाजार में खुलेआम कालाबाजारी हो रही है, जिस पर प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
वहीं, विधानसभा अध्यक्ष ग्रामीण कोमल और महिला जिला उपाध्यक्ष गरिमा ठाकुर ने भी महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बढ़ती कीमतों के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है। महिलाओं को मजबूरी में फिर से पारंपरिक चूल्हों और लकड़ी का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कमी की जाए, उत्तराखंड में गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई हो तथा गरीब परिवारों को गैस पर विशेष सब्सिडी प्रदान की जाए।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष हसरत ठेकेदार, प्रदेश सचिव कुर्बान अली, प्रदेश प्रवक्ता मास्टर रिजवान, जिलाध्यक्ष नदीम, युवा जिलाध्यक्ष शालीम शाह, जिला उपाध्यक्ष मांगा हसन, जिला अनुशासन समिति अध्यक्ष इलियास सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया, तो जन अधिकार पार्टी राज्यभर में “रसोई बचाओ आंदोलन” चलाएगी, जिसके तहत व्यापक स्तर पर जनजागरण और विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।






