तहसील रूड़की में आधुनिक कंप्यूटर लैब का लोकार्पण, विद्यार्थियों को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रूड़की। तहसील रूड़की परिसर में कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत V-Marc India Limited द्वारा स्थापित आधुनिक कंप्यूटर लैब का लोकार्पण जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित और IIT Roorkee के निदेशक प्रो. के. के. पंत ने संयुक्त रूप से किया। इस पहल का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों, खासकर बालिकाओं, को डिजिटल और तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन और आईआईटी रूड़की के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके तहत विद्यार्थियों को कंप्यूटर एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की शिक्षा दी जाएगी। आईआईटी के प्रोफेसर और छात्र ‘कम्युनिटी आउटरीच प्रोग्राम’ के माध्यम से प्रशिक्षण देंगे तथा कोर्स पूरा करने पर प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खोलेगी, जबकि आईआईटी निदेशक ने इसे शिक्षा, प्रशासन और उद्योग के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। यह लैब ग्रामीण एवं वंचित वर्ग के छात्रों को डिजिटल युग से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।






