कलियर शरीफ में आजाद समाज पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम ने की चादरपोशी, रुड़की में डॉ. आंबेडकर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

पिरान कलियर। आजाद समाज पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम ने सोमवार को हाजी शमीम साबरी के नेतृत्व में पिरान कलियर स्थित दरगाह साबिर पाक में चादरपोशी कर देश की खुशहाली, अमन-चैन और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता के लिए दुआ मांगी। इस अवसर पर प्रदेश भर से सैकड़ों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के निर्देश पर लेखराज गौतम को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी महक सिंह के पास थी, लेकिन पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए पार्टी नेतृत्व ने यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी लेखराज गौतम को सौंपी है। लेखराज गौतम उधमसिंह नगर जिले के निवासी हैं और लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े हुए हैं।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद लेखराज गौतम पहली बार पिरान कलियर पहुंचे, जहां वरिष्ठ नेता हाजी शमीम साबरी के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर दरगाह साबिर पाक में चादर और फूल पेश किए तथा प्रदेश और देश में शांति, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ की।
चादरपोशी के बाद शमीम साबरी कॉलोनी में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना तथा संगठन को प्रदेश के हर जिले और गांव तक मजबूत करना है।
लेखराज गौतम ने कहा कि आजाद समाज पार्टी समाज के कमजोर, शोषित और वंचित वर्गों की आवाज बनकर लगातार संघर्ष कर रही है। आने वाले समय में पार्टी प्रदेश में और अधिक मजबूती से जनता के बीच जाएगी और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग और मेहनत से पार्टी आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
इस अवसर पर हाजी शमीम साबरी ने भी अपने संबोधन में पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि आजाद समाज पार्टी देशभर में तेजी से आगे बढ़ रही है और हर मजलूम की आवाज बनकर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाएं और राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के हाथों को मजबूत करें।
अमरीश कपिल ने कहा कि आजाद समाज पार्टी समाज के शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज बनकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत कर जनता के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया जाएगा और आने वाले चुनावों में मजबूती के साथ जनता के बीच जाकर समर्थन हासिल किया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष परवेज़ सुल्तान ने कहा कि आजाद समाज पार्टी सामाजिक न्याय और समानता के सिद्धांतों पर काम कर रही है। उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी तथा प्रदेश में जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम का स्वागत करते हुए पार्टी नेतृत्व के निर्णय का समर्थन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम रुड़की पहुंचे, जहां उन्होंने नगर निगम परिसर में स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने बाबा साहब के बताए समानता, न्याय और संविधान के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके बताए रास्ते पर चलकर ही एक समान और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना संभव है। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस मौके पर
अब्दुल वसीम गुफरान (प्रदेश अध्यक्ष भीम आर्मी छात्र संगठन )
अमरीश कपिल (प्रदेश अध्यक्ष भीम आर्मी)
करनवाल (जिला अध्यक्ष)
, अरसलान, आदित्य,
,नौशाद, अक्षय ,रवि, जीशान आदि मौजूद रहे ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!