अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रुड़की में समाज सेविकाओं, अधिवक्ताओं व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का हुआ सम्मान

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सृष्टि जनसेवा वेलफेयर सोसाइटी के तत्वाधान में ईदगाह रोड स्थित एक होटल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली समाज सेविकाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, पर्यावरण मित्रों और महिला अधिवक्ताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण और समानता का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाज सेविका पूजा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि आज भी समाज में कई जगह पुरुष प्रधान सोच देखने को मिलती है, जहां महिलाओं को अपनी योग्यता बार-बार सिद्ध करनी पड़ती है, जबकि पुरुषों के साथ ऐसा नहीं होता। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है कि महिलाओं और पुरुषों को समान अवसर दिए जाएं और भेदभाव रहित समाज की स्थापना की जाए। उन्होंने सभी महिला अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मबल और आत्मविश्वास के सहारे आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज की महिला किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, खेल, व्यवसाय और यहां तक कि हवाई जहाज उड़ाने जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी महिलाएं अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। भारतीय महिलाएं आज न केवल देश बल्कि पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रही हैं। पूजा गुप्ता ने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी द्वारा देश में आधुनिक तकनीक और नई व्यवस्थाओं को लागू करने की जो पहल की गई थी, उसके बाद से देश में महिलाओं के जीवन स्तर में भी बड़ा बदलाव आया है। तकनीक और शिक्षा के प्रसार से महिलाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिले, जिसका परिणाम आज हर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत की महिला शक्ति हर क्षेत्र में अपना दबदबा बनाए हुए है और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर संस्था की संस्थापक अध्यक्ष रीतू कांडयाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सृष्टि जनसेवा वेलफेयर सोसाइटी समाज में महिलाओं के उत्थान, शिक्षा और जागरूकता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान, आत्मनिर्भरता और समाज में बराबरी का स्थान दिलाना है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. निधि शर्मा, समाज सेविका नीलम चौधरी, नूतन पाल, एडवोकेट रीना, टीना शर्मा, पिंकी अध्यापिका, मंजू देवी (पर्यावरण मित्र), संगीता पल्लवी कुकरेती (गोल्ड मेडलिस्ट), जया एडवोकेट, रेशम एडवोकेट, हिमानी बोराजी (सदस्य बार काउंसिल उत्तराखंड), निधि मदन, मंजू कश्यप, आकांक्षा चौहान और नीतू मलिक सहित अन्य महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक समानता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन महिला शक्ति के सम्मान और समाज में उनके योगदान को सराहने के साथ हुआ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!