February 10, 2026

राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, रुड़की के खिलाड़ियों का हुआ ज़ोरदार स्वागत

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में 4 से 6 फरवरी तक आयोजित राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में पेंचैक सिलाट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर लौटे रुड़की के खिलाड़ियों का नगर में जोरदार स्वागत किया गया।

सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित सम्मान समारोह में जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर हरिद्वार टीम के कोच शिशंक सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि रुड़की की वॉरियर्स अकादमी से कुल नौ खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था, जिनमें से छह खिलाड़ियों ने पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया, जबकि तीन खिलाड़ियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की है, जो पूरे रुड़की के लिए गर्व की बात है।
पदक विजेताओं में शैलविया शर्मा और रुद्र कुमार ने कांस्य पदक अपने नाम किए, जबकि वेदांत सुयाल, जयंत चौधरी, अभिनव चौधरी और वंश सैनी ने रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त इस्तांक धीमान, उत्सव प्रजापति और मयंक तोमर को भागीदारी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों को माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि रुड़की के खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन, बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान भी किया। व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद कश्यप ने खिलाड़ियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता नगर के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाज और व्यापार मंडल हमेशा खेल प्रतिभाओं के साथ खड़ा रहेगा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।समारोह में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश कौशिक ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि अनुशासन और आत्मविश्वास भी सिखाते हैं। पार्षद आकाश जैन, नवीन जैन, सौरभ सिंघल, सत्येंद्र गोयल, कमल सैनी और अमर गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों के स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और गर्व से भरा रहा। अंत में सभी ने एक स्वर में खिलाड़ियों के निरंतर सफल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!