भगवानपुर में विकसित भारत (VB–GRAM) अभियान के तहत किसान चौपाल का आयोजन, नरेश बंसल का भव्य स्वागत

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम शहीद स्मारक, कुँजा बहादुरपुर में विकसित भारत (VB–GRAM) अभियान के अंतर्गत एक भव्य किसान चौपाल बैठक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री नरेश बंसल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही ग्रामीणों, किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में ज़िला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
किसान चौपाल में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल के साथ राज्य मंत्री श्री शोभाराम प्रजापति, राज्य मंत्री श्री देशराज कर्णवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री पवन तोमर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री सुशील त्यागी, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा श्री गौरव कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा सुश्री रोमा सैनी, मंडल अध्यक्ष श्री संदीप रघुवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों से सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझना रहा। किसान चौपाल के दौरान किसानों ने सिंचाई व्यवस्था, फसल समर्थन मूल्य, खाद-बीज की समय पर उपलब्धता, बिजली, कृषि लागत में बढ़ोतरी तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को खुलकर रखा। जनप्रतिनिधियों ने किसानों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान का आश्वासन दिया।
अपने संबोधन में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ देश को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, सिंचाई परियोजनाएं और कृषि अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में ठोस कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का किसान, गांव और युवा सशक्त होंगे। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों की आय बढ़े, उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित किए जाएं।
ज़िला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा की विकसित भारत (VB–GRAM) अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की किसान चौपालों से सरकार और किसानों के बीच संवाद मजबूत होता है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने किसानों के कल्याण और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। चौपाल को ग्रामीणों ने उपयोगी, जानकारीपूर्ण और सार्थक बताया।






