कलियर विधानसभा – बेलड़ा ग्राम में VG RAM G जनजागरण अभियान के तहत गांव चौपाल का आयोजन, ग्रामीण रोजगार व आत्मनिर्भरता पर हुआ मंथन

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
कलियर/रुड़की।विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में “विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण एक्ट (VG RAM G)” जनजागरण अभियान के अंतर्गत कलियर विधानसभा क्षेत्र के बेलड़ा ग्राम में गांव चौपाल का भव्य आयोजन किया गया। इस चौपाल का उद्देश्य ग्रामीण जनता को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना, उन्हें रोजगार एवं आजीविका के नए अवसरों के प्रति जागरूक करना तथा विकसित भारत के विजन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी ने इस अभियान की सफलता को दर्शाया।
चौपाल में मुख्य अतिथि के रूप में हरिद्वार सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह तथा कलियर विधानसभा प्रत्याशी श्री मुनीश सैनी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने VG RAM G योजना के महत्व, उद्देश्य और इसके दूरगामी लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब देश के गांव आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने कहा कि VG RAM G अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को एक मंच पर लाकर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्वरोजगार, कौशल विकास, कृषि आधारित उद्योगों, लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया, जिससे ग्रामीण युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिल सके और पलायन पर रोक लगे।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी से चलने वाला जन-आंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दें और पात्र लाभार्थियों को इनसे जोड़ें। भाजपा ज़िला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि VG RAM G योजना युवाओं, किसानों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है और इससे क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री सागर गोयल, अक्षय प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष भीम सिंह, जिला मंत्री सतीश सैनी, मीडिया प्रभारी पंकज नंदा, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष संदीप पुरी, सुरेश सैनी एवं गौरव मोहन ने संयुक्त रूप से किया।
गांव चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं भी जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने संकल्प लिया कि VG RAM G जनजागरण अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाएगा और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी।
कलियर विधानसभा प्रत्याशी मुनीश सैनी ने कहा कि VG RAM G जनजागरण अभियान ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से गांवों तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाई जा रही है, जिससे गरीब, किसान, महिला और युवा सीधे लाभान्वित हो सकें। अक्षय प्रताप सिंह ने बताया कि रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगी और पलायन पर रोक लगाने में सहायक होंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा के साथ गांव-गांव जाकर इस अभियान को जन-आंदोलन बनाएं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएं।






