September 13, 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर की पौड़ी पर मां गंगा का पूजन कर प्रदेश की प्रगति की कामना की

(दिलशाद खान)(KNEWS18)

हरिद्वार, 4 जुलाई 2025:
राज्य के मुख्य सेवक के रूप में अपने कार्यकाल के 4 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर हर की पौड़ी स्थित ब्रह्मकुंड में मां गंगा का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की खुशहाली, प्रगति और श्रद्धालुओं की मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने नदी उत्सव कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा कि “नदियां केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक, आर्थिक एवं धार्मिक प्रगति की आधारशिला रही हैं।” उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए नदियों के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ मिलकर मां के समान नदियों के सम्मान एवं उन्हें कभी दूषित न करने का संकल्प भी लिया।

इस मौके पर गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, सभापति कृष्ण कुमार शर्मा, स्वागत मंत्री सिद्धार्थ चक्रपाणि सहित कई पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का हर की पौड़ी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। आचार्य अमित शास्त्री द्वारा पूजन कार्य विधिविधान से संपन्न कराया गया।

इस दौरान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, विधायक मदन कौशिक एवं आदेश चौहान, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल, सिटी मजिस्ट्रेट कुशम चौहान, एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं अधिकारीगण मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!