November 26, 2026

मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार! 79 ट्रामाडोल कैप्सूल और 8 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ संचालक गिरफ्तार

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की। हरिद्वार जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सिविल लाइंस रुड़की पुलिस ने एक मेडिकल स्टोर संचालक को नशीले कैप्सूल और प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 79 ट्रामाडोल कैप्सूल और 8 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में संलिप्त था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25-26 नवंबर 2026 की रात सिविल लाइंस कोतवाली की पुलिस टीम ग्राम भंगेड़ी जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भंगेड़ी की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर उसने वापस भागने का प्रयास किया। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के डिब्बे से 79 ट्रामाडोल कैप्सूल (SPASMOVIL PLUS) और 8 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन (2 एमएल) बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसकी पहचान नदीम खान पुत्र रियासत, निवासी ग्राम भंगेड़ी, रुड़की के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी भंगेड़ी स्थित शिफा मेडिकल स्टोर का संचालक है।

मुजफ्फरनगर से खरीदकर लाने की बात आई सामने

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशीले कैप्सूल और इंजेक्शन मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर लाया था। बरामद दवाओं के संबंध में पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर से संपर्क कर जानकारी प्राप्त की। ड्रग इंस्पेक्टर की ओर से बताया गया कि इन दवाओं में प्रयुक्त साल्ट NDPS एक्ट के अंतर्गत प्रतिबंधित साइकोट्रॉपिक पदार्थों की श्रेणी में आते हैं।

इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 580/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस बात की भी जानकारी जुटा रही है कि आरोपी नशीली दवाओं की आपूर्ति कहां-कहां करता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती जारी

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों और अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

गिरफ्तार आरोपी नदीम खान पुत्र रियासत, उम्र करीब 35 वर्ष, निवासी ग्राम भंगेड़ी, थाना कोतवाली सिविल लाइंस रुड़की, जनपद हरिद्वार है।

पुलिस ने यह सामान किया बरामद

  • 79 ट्रामाडोल कैप्सूल (SPASMOVIL PLUS)
  • 8 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन (2 एमएल)

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक मुनव्वर हुसैन, कांस्टेबल इतेन्द्र ध्यानी और कांस्टेबल बलवीर सिंह शामिल रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!