बहादराबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 किलो गोमांस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य नामजद
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में गोवंश संरक्षण को लेकर हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 किलोग्राम कथित गोमांस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में दो अन्य लोगों को भी नामजद किया है। आरोप है कि तीनों ने भारापुर के जंगलों में गोवंश को काटकर मांस निकाला था और उसे बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर 2026 को शांतरशाह चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार पुलिस टीम के साथ ग्राम सहदेवपुर हलवाहेड़ी जाने वाले तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम घोड़ेवाला की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने टॉर्च की रोशनी से बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखकर वह वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा।
इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल अचानक बंद हो गई। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तिराहे से करीब 20 कदम की दूरी पर बाइक सवार को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मुबारिक पुत्र जाहिद निवासी ग्राम मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई।
कट्टे में मिला 12 किलो मांस
पुलिस ने जब आरोपी के पास मौजूद कट्टे की तलाशी ली तो उसके अंदर रखे प्लास्टिक के थैले में दो अलग-अलग सफेद पन्नियों में करीब 12 किलोग्राम मांस बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मांस गोमांस प्रतीत हो रहा था। बरामदगी के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी मुबारिक ने कथित तौर पर बताया कि यह मांस गाय का है, जिसे उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर भारापुर के जंगलों में गोवंश काटकर प्राप्त किया था।
दो अन्य आरोपियों के नाम भी आए सामने
पुलिस पूछताछ में मुबारिक ने अपने साथियों के नाम इमरान पुत्र गरीबुल और छोटन पुत्र सब्बीर निवासी ग्राम भारापुर, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार बताए। आरोपी के अनुसार, तीनों ने मिलकर जंगल में गोवंश काटा था और इसके बाद वह मांस बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की चेकिंग में वह पकड़ा गया। पुलिस अब नामजद दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।
नमूना लेने के बाद नष्ट कराया गया मांस
पुलिस ने बरामद मांस से जांच के लिए नमूना सुरक्षित किया। इसके बाद शेष मांस को पशु चिकित्साधिकारी की देखरेख में सुरक्षित स्थान पर अम्लीय छिड़काव कर नष्ट कराया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए हिरासत में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।
गोवंश संरक्षण अधिनियम में मुकदमा दर्ज
इस मामले में मुबारिक सहित दो अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली बहादराबाद में गोवंश संरक्षण अधिनियम, 2007 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और प्रकरण से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में शांतरशाह चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार, कांस्टेबल चंदन सिंह, होमगार्ड सचिन और होमगार्ड करण शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में गोवंश संरक्षण को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है।

