संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर 24 नवंबर को धनोरी में होगी समरसता संकल्प यात्रा सभा, मुख्यमंत्री धामी सहित कई दिग्गज नेता होंगे शामिल
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
रुड़की (हरिद्वार)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित होने वाली समरसता संकल्प यात्रा सभा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी 24 नवंबर को धनोरी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है। इसी सिलसिले में रुड़की स्थित भाजपा जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की सफलता को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
कार्यक्रम का आयोजन 24 नवंबर 2026, मंगलवार को दोपहर 2 बजे डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज, धनोरी में किया जाएगा। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, लाल सिंह आर्य, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत और कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने विचारों और उपदेशों के माध्यम से समाज को समानता, मानवता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट रखने और भेदभाव से दूर रहने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प यात्रा समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का माध्यम बनेगी। भारतीय जनता पार्टी संतों और महापुरुषों के विचारों को समाज के बीच पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
यात्रा संयोजक स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि संत रविदास जी का प्रसिद्ध संदेश ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ आज भी मानव जीवन को आंतरिक शुद्धता, समानता और सद्भाव का रास्ता दिखाता है। समरसता संकल्प यात्रा के माध्यम से उनके विचारों और शिक्षाओं को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
यात्रा सह-संयोजक सीताराम भट्ट ने क्षेत्र के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, संत समाज और भाजपा कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की। वहीं जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के सामाजिक समानता और समरसता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना आवश्यक है।
बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर सभा स्थल, मंच संचालन, अतिथियों के स्वागत, यातायात प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अनुराग ठाकुर और लाल सिंह आर्य सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर अनुसूचित मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र सिंह किरण, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त ओमप्रकाश जमदग्नि, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, जयपाल चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, नीतू सिंह मंडावर, सौरभ गुप्ता, मुनीष सैनी, राजपाल सिंह, मास्टर सत्यपाल, सुबोध राकेश, जॉनी केसरिया, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हर्ष दौलत और ब्लॉक प्रमुख राव लुबना सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को लेकर व्यापक जनसंपर्क करने और क्षेत्र के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अब पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे।


