उत्तराखंड क्रांति दल ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए तेज की तैयारी, जिला संगठन के पुनर्गठन की कवायद शुरू
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
रुड़की (हरिद्वार)। उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड क्रांति दल की जिला रुड़की इकाई की जिला कार्यकारिणी के पुनर्गठन के उद्देश्य से न्यू नेहरू नगर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे कुंवर प्रताप सिंह का पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। बैठक के दौरान संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से आनंद राज पनियाला का नाम रुड़की जिला अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक कुंवर प्रताप सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के साथ लंबे समय से छलावा होता आया है। उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए 42 लोगों ने शहादत दी थी और 43वीं शहादत भट्ट जी की पत्नी ने दी। इसके बावजूद राज्य की मूल समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में यूकेडी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रदेश में अपनी सरकार बनाएगी।
### भाजपा-कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
कुंवर प्रताप सिंह ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों ने उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों के विकास के लिए अपेक्षित कार्य नहीं किए। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में आज भी जंगली जानवरों का आतंक है। कहीं भालू और गुलदार लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं, तो कहीं बंदर और जंगली सूअर किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। इसके बावजूद पहाड़ों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस प्रयास दिखाई नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जमीनों की खरीद-फरोख्त तेजी से हो रही है और गांवों का अस्तित्व खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने एक पहाड़ी गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां सड़क निर्माण को लेकर सरकारी स्तर पर परिवारों की कम संख्या का हवाला दिया गया, जबकि यूकेडी ने उस गांव तक सड़क पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जमीन, जल, जंगल और पहाड़ों की रक्षा करना पार्टी की प्राथमिकता है।
### अंकिता भंडारी मामले में न्याय को लेकर उठाए सवाल
अंकिता भंडारी प्रकरण पर भी कुंवर प्रताप सिंह ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि अंकिता भंडारी को अभी न्याय नहीं मिला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब इस मामले में न्याय की मांग उठ रही है तो भाजपा के नेता खुलकर सामने क्यों नहीं आते। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इन मुद्दों को देख रही है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।
### 30 से 40 सीटों पर मजबूत स्थिति का दावा
बैठक में मौजूद पार्टी नेताओं ने विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर कहा कि यूकेडी लगातार गांव-गांव और विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें कर रही है। कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठन में नई ऊर्जा भरने का प्रयास किया जा रहा है। नेताओं के अनुसार, भाजपा और कांग्रेस की नीतियों से जनता परेशान हो चुकी है और अब उत्तराखंड के लोग क्षेत्रीय दल को विकल्प के रूप में देख रहे हैं।
पार्टी नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश की कम से कम 30 से 40 विधानसभा सीटों पर यूकेडी की स्थिति अच्छी है। युवाओं का पार्टी से जुड़ाव बढ़ रहा है। खानपुर विधानसभा क्षेत्र में भी संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस दौरान ऋतु खंडियाल को खानपुर विधानसभा क्षेत्र की मजबूत दावेदार बताते हुए संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने की बात कही गई।
### कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर
बैठक में बताया गया कि पार्टी की ओर से लगातार छोटी-छोटी बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि निष्क्रिय हो चुके कार्यकर्ताओं को दोबारा सक्रिय किया जा सके। नेताओं ने कहा कि आगामी चुनाव में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना पार्टी का मुख्य लक्ष्य है।
बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा उत्तराखंड के जनहित और क्षेत्रीय अस्मिता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर श्रीमती शकुंतला सती, संजीव वाल्मीकि, ऋतु खंडियाल, नितिन सैनी, सुरेश कुकरेती, दिनेश धीमान, शिव कुमार कश्यप, प्रदीप धीमान, सतेंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा, अनस, आर्यन शर्मा, श्रीमती बीना शाह, मेरी शाह, देव शर्मा, महबूब अली, सतीश कुमार, चौधरी राजवीर सिंह, दीपक शर्मा, अभिषेक वर्मा, सूरज राम, मेघराज सैनी, अंकित चरनिया, लाल चंद कश्यप, आदित्य शिवम, आरिफ और आनंद वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य संदेश साफ रहा कि उत्तराखंड क्रांति दल वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क अभियान के जरिए प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने की तैयारी में जुट गया है।


