भारत विकास परिषद समर्पण का तीन दिवसीय बाल संस्कार शिविर संपन्न, बच्चों को दिया संस्कारों और नैतिक मूल्यों का संदेश
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
रुड़की (हरिद्वार), 19 नवंबर। भारत विकास परिषद समर्पण शाखा रुड़की की ओर से सीबीआरआई स्थित बाल विद्या मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय बाल संस्कार शिविर का गुरुवार को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में समापन हो गया। शिविर के अंतिम दिन बच्चों को नैतिक शिक्षा, भारतीय संस्कृति, माता-पिता के सम्मान, गुरु के महत्व और जीवन में संस्कारों की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ हुआ, जबकि समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से परिषद के सभी सदस्यों का गुलाब के फूल देकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम संयोजिका श्रीमती मृणालिनी शर्मा ने सभी अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।
शाखा संस्कार संयोजक डॉ. सुनील शर्मा ने कहानी के माध्यम से बच्चों को जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना करने, परेशानियों से बाहर निकलने और लालच से दूर रहने की सीख दी। वहीं डॉ. हेमलता सिंघल ने अपने संबोधन में बताया कि जीवन में संस्कारों की क्या आवश्यकता है और किस प्रकार अच्छे संस्कार व्यक्ति के व्यक्तित्व एवं भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर हर्ष प्रकाश काला ने अपनी कविता ‘मात-पिता-गुरु-देवता, इनसे बड़ा न कोय’ के माध्यम से माता-पिता और गुरु के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि जननी जीवन देती है, पिता संबल बनते हैं और गुरु ज्ञान की ज्योति जलाकर व्यक्ति को सही मार्ग दिखाते हैं। माता-पिता और गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति अपने जीवन को सफल बना सकता है और ईश्वर का साक्षात्कार कर सकता है।
श्रीमती अनीता गुप्ता ने भी कविता के माध्यम से जीवन में सफलता और अच्छे संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। श्रीमती आयुषी खैतान ने अपने विचार व्हाट्सएप के माध्यम से भेजकर कार्यक्रम को संबोधित किया, जबकि श्रीमती फराह मलिक ने जूस की बोतलें भेजकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
समर्पण शाखा की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी डॉ. मधुराका सक्सेना ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी बच्चों एवं शिक्षकों के लिए उपहार और पुरस्कार प्रदान किए। शाखा अध्यक्ष इंजीनियर राकेश गर्ग की सक्रियता एवं सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा। श्री उमेश सिंघल ने भी अपने संबोधन के माध्यम से बच्चों को प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में कक्षा आठ ने प्रथम, कक्षा सात ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा छह की दोनों टोलियों ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा छह के अर्पित कंशल ने प्रथम, कक्षा आठ के सारांश ने द्वितीय तथा कक्षा छह के शताक्षी और चेतन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा कक्षा आठ की राधिका एवं मनर पाल और कक्षा सात के अर्थ को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
‘स्वयं का महत्व एवं भूमिका’ विषय पर आयोजित लेख प्रतियोगिता में कक्षा आठ के मानव पाल ने प्रथम, कक्षा छह की दीप्ति भट्ट ने द्वितीय तथा कक्षा आठ की वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में चार अन्य बच्चों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
शिक्षा के साथ संस्कार देना भी जरूरी
कार्यक्रम के समापन पर शाखा अध्यक्ष इंजीनियर राकेश गर्ग ने शिविर की सफलता के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सहयोग देने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारियों का ज्ञान देना भी आवश्यक है।
वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्या ने बाल संस्कार शिविर आयोजित करने के लिए भारत विकास परिषद समर्पण शाखा के सभी सदस्यों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। तीन दिवसीय इस शिविर का उद्देश्य बच्चों में अच्छे संस्कारों, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा।


