September 25, 2026

शिव-खाटू श्याम मंदिर का निर्माण प्रारंभ, मोहनपुरा के प्राचीन शिव मंदिर को मिलेगा भव्य स्वरूप

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। मोहनपुरा में रेलवे पटरी के पास स्थित प्राचीन शिव मंदिर को अब भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मंदिर परिसर में प्रस्तावित शिव-खाटू श्याम मंदिर के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ धार्मिक विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी सचिन गुप्ता ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ।

निर्माण कार्य के शुभारंभ के दौरान मंदिर परिसर में पूजा-पाठ के बाद निर्माण से संबंधित मशीनरी को भी मौके पर लगाया गया। निर्माण कार्य शुरू होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। लंबे समय से प्राचीन शिव मंदिर को नया और भव्य स्वरूप देने की योजना पर चर्चा चल रही थी, जिसे अब धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार प्रस्तावित मंदिर परिसर में भगवान शिव के साथ खाटू श्याम जी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद धार्मिक विधि-विधान के साथ प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा भी की जाएगी। इससे मोहनपुरा और आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं को एक ऐसे धार्मिक स्थल की सुविधा मिलने की उम्मीद है, जहां वे भगवान शिव और खाटू श्याम जी की पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

इस अवसर पर सचिन गुप्ता ने मंदिर निर्माण के सफल और निर्विघ्न रूप से पूरा होने की कामना की। उन्होंने कहा कि प्राचीन धार्मिक स्थलों का संरक्षण और उनका विकास समाज को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने मंदिर निर्माण से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से मंदिर को भव्य स्वरूप प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह प्राचीन शिव मंदिर लंबे समय से क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। अब मंदिर के विस्तार और भव्य निर्माण से इसकी धार्मिक पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है। निर्माण कार्य शुरू होने से आसपास के लोगों में भी खुशी का माहौल है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर का नया स्वरूप तैयार होने के बाद यहां धार्मिक आयोजनों और पूजा-अर्चना के लिए आने वाले लोगों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

निर्माण कार्य के शुभारंभ के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और खाटू श्याम जी के जयकारे भी लगाए। पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर समाजसेवी अमित दुआ सहित स्थानीय लोग, मंदिर से जुड़े श्रद्धालु और अन्य गणमान्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे। मंदिर निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि प्राचीन शिव मंदिर का भव्य स्वरूप तैयार होने से मोहनपुरा की धार्मिक पहचान को नई दिशा मिलेगी और यह स्थान आने वाले समय में क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल हो सकता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!