कन्या पाठशाला की टॉपर्स छात्राओं का सम्मान, पूर्व मेयर गौरव गोयल ने बांटी पाठ्य सामग्री
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। गणेशपुर स्थित कन्या पाठशाला माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पाठ्य सामग्री वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मेयर गौरव गोयल ने विद्यालय की छात्र-छात्राओं को आवश्यक पाठ्य सामग्री वितरित की। साथ ही हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टॉपर्स छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। छात्राओं को शिक्षा के महत्व को समझते हुए निरंतर मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह मार्ग है, जो व्यक्ति को तरक्की और आत्मनिर्भरता की दिशा में ले जाता है।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि बेहतर शिक्षा प्राप्त कर वे स्वयं को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाएं। उन्होंने सभी छात्राओं के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि आज के दौर में बेटियों की शिक्षा समाज की प्रगति के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की जिन छात्राओं ने हाई स्कूल और इंटरमीडिएट में टॉप किया है, उन्होंने केवल अपने विद्यालय का नाम ही रोशन नहीं किया, बल्कि अपने परिवार और समाज का गौरव भी बढ़ाया है।
वर्षों से वितरित कर रहे निशुल्क पाठ्य सामग्री
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सरिता ने पूर्व मेयर गौरव गोयल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को निशुल्क पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराने से उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ता है। उन्होंने बताया कि पूर्व मेयर गौरव गोयल पिछले अनेक वर्षों से विद्यालय में लगातार निशुल्क पाठ्य सामग्री का वितरण करते आ रहे हैं। उनका यह प्रयास छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए इस प्रकार की सहायता काफी उपयोगी साबित होती है। पाठ्य सामग्री मिलने से छात्राओं को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध होते हैं और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
टॉपर्स छात्राओं को किया सम्मानित
समारोह में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली छात्राओं में प्रियांशी, राधिका, अक्सा, छवि राणा, वैष्णवी यादव, खुशबू, निशत, अलफिजा और अलीना शामिल रहीं। अतिथियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सुंदरलाल, संस्थापक सत्येंद्र कुमार, शेफाली शर्मा, शालिनी गुप्ता, विजय लक्ष्मी, विकास बंसल, रवि तोमर, शुभम भारद्वाज, गौरव त्यागी, पूर्व पार्षद संजय गुड्डू सहित पून, पूजा, प्रीति, नीतू, अंजलि, मीनाक्षी, आयुषी, सोनाक्षी, स्वाती, सरिता, बबीता, नीरू और रजनी आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल रहा। अतिथियों ने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।




