September 18, 2026

आईआईटी रुड़की दीक्षांत समारोह 2026 में उत्कृष्टता, नवाचार और अनुसंधान पर रहेगा विशेष जोर

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की, 17 सितंबर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) में 19 और 20 सितंबर 2026 को दीक्षांत समारोह 2026 का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय दीक्षांत समारोह में संस्थान के कुल 2,701 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा, प्रौद्योगिकी और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्व विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे।

आईआईटी रुड़की में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्थान के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, शैक्षणिक उपलब्धियों और भविष्य की जिम्मेदारियों का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस वर्ष समारोह में शिक्षा के साथ-साथ अनुसंधान, नवाचार और समाज एवं राष्ट्र के प्रति योगदान को विशेष महत्व दिया गया है।

19 सितंबर को स्नातक विद्यार्थियों का दीक्षांत

दीक्षांत समारोह का पहला दिन 19 सितंबर स्नातक (UG) विद्यार्थियों को समर्पित रहेगा। इस दिन भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजित कुमार डोभाल, केसी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। वहीं जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ एवं सचिव, डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स, विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।

20 सितंबर को PG और पीएच.डी. विद्यार्थियों को डिग्री

समारोह का दूसरा दिन 20 सितंबर स्नातकोत्तर (PG) एवं पीएच.डी. विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जाएगा। इस दिन हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ श्री हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। वहीं डॉ. कपिल गर्ग, संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक, ऑयलमैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड तथा प्रबंध निदेशक, एशियन एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

हरीश साल्वे करेंगे समारोह की अध्यक्षता

दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता अधिवक्ता हरीश साल्वे, पूर्व सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया एवं अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स, आईआईटी रुड़की द्वारा की जाएगी। प्रतिष्ठित अतिथियों की मौजूदगी से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं, अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और उद्योग के बीच संबंधों को समझने का अवसर मिलेगा।

शिक्षा और अनुसंधान के साथ राष्ट्र सेवा पर जोर

निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कहा कि 2,701 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करना संस्थान के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की विद्यार्थियों में नवाचार, अनुसंधान और समाज की सेवा की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उप निदेशक प्रो. प्रवीण कुमार ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों, अभिभावकों, संकाय सदस्यों, पूर्व छात्रों और अन्य हितधारकों को एक साथ जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। वहीं डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एन.के. नवानी ने कहा कि आईआईटी रुड़की में शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को वास्तविक दुनिया की चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया जाता है।

प्रचार वीडियो लॉन्च, ऑनलाइन होगा सीधा प्रसारण

प्रेस वार्ता के दौरान प्रो. के.के. पंत ने दीक्षांत समारोह का प्रचार वीडियो भी लॉन्च किया। वीडियो में कार्यक्रम की रूपरेखा, संस्थान की उपलब्धियों और विद्यार्थियों की सफलताओं को दर्शाया गया है। समारोह में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो पाने वाले लोग आईआईटी रुड़की के आधिकारिक YouTube चैनल पर इसका सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

प्रेस वार्ता का आयोजन आईआईटी रुड़की की जेम्स थॉमसन बिल्डिंग स्थित सीनेट हॉल में किया गया। इस अवसर पर संस्थान के अधिकारी, संकाय सदस्य और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!