गणेशपुर में धंसती सड़कों और मकानों में दरारों को लेकर कांग्रेस का धरना, ADB कार्यों की जांच की मांग
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। गणेशपुर क्षेत्र में लगातार धंस रही सड़कों और कई मकानों में आ रही दरारों को लेकर कांग्रेस ने जल संस्थान के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान नेताओं ने क्षेत्र में कराए गए ADB कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि गणेशपुर के लोग लंबे समय से भय के माहौल में जीवन जी रहे हैं। सड़कें धंसने के साथ ही कई मकानों में दरारें आने से लोगों को अपने घरों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी यदि सड़कें कुछ समय में ही धंसने लगें और मकानों की नींव प्रभावित होने लगे तो कार्यों की गुणवत्ता और पूरी प्रक्रिया की जांच होना जरूरी है।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि यह केवल सड़क धंसने का मामला नहीं, बल्कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कराने और विशेषज्ञों की टीम भेजकर स्थिति का आकलन करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता को यह जवाब मिलना चाहिए कि भारी धनराशि खर्च होने के बावजूद सड़कें क्यों धंस रही हैं और मकानों में दरारें क्यों आ रही हैं।
पूर्व कांग्रेस महासचिव सचिन गुप्ता ने कहा कि गणेशपुर की जनता अपने घरों और परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। कांग्रेस पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ और जिम्मेदारी तय नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जल संस्थान और संबंधित विभागों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रभावित क्षेत्र की तत्काल जांच कराने की मांग की। कांग्रेस ने प्रभावित मकानों का आकलन, पीड़ित परिवारों को उचित सहायता तथा ADB से जुड़े कार्यों की गुणवत्ता और खर्च की निष्पक्ष जांच की मांग रखी।
काफी देर बाद जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता (SE) धरना स्थल पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से वार्ता की। अधिकारियों ने बताया कि कार्य को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है और संबंधित ADB योजना जल संस्थान द्वारा नहीं कराई गई है। इस संबंध में अधिकारियों ने कांग्रेस प्रतिनिधियों को संबंधित पत्रावली भी दिखाई।
वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने पूर्व पार्षद संजय गुड्डू से चर्चा के बाद गणेशपुर में सीवरेज के लिए समानांतर दूसरी लाइन बनाने का सुझाव दिया। जल संस्थान अधिकारियों ने इस सुझाव को स्वीकार करते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कांग्रेस प्रतिनिधियों ने कहा कि पूरे मामले में जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मुकदमा दर्ज कराने की मांग भी उठाई जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जनता को साथ लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा।
धरने में मुन्फेत अली, शमशाद चेयरमैन, डॉ. हरविंदर सिंह, ओमवीर सिंह मलिक, मदन पाल भड़ाना, यासमीन खान, विकास त्यागी, सुनील शर्मा, मिंटू प्रधान, सालिम गौड़, सुभाष चंद्र शर्मा, जेके शर्मा, मनोज सैनी, जसवीर सिंह, मीर हसन, प्रमोद भटनागर, भूषण त्यागी, विशाल सहगल, लवी त्यागी, गौरव प्रधान, शकील अहमद, नीरज सैनी, रिजवान अहमद, डॉ. इरशाद, मीर नूर हसन अंसारी, शमशेर अली, सुभाष चौधरी, नूर आलम, राजा पंडित, वीरेंद्र शर्मा, उज्जवल पंडित, विक्रांत पुंडीर, मोनू त्यागी, नवीन जैन, गुलफाम खान, जाकिर हुसैन, प्रमोद धारिया, कामिल माही, डॉ. राजेंद्र सैनी, बॉबी सैनी, राज कुमार, सरवर कुरैशी, अनूप शर्मा और तुषार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
