September 13, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा मनाएगी सेवा एवं जनभागीदारी का पखवाड़ा

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की की ओर से सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले अभियान की विस्तृत रूपरेखा पत्रकारों के समक्ष रखी।

डॉ. मधु सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाला यह अभियान एक माह तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ सेवा कार्यों और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा जिले की प्रत्येक विधानसभा में प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध लोगों की सहभागिता रहेगी।

कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा जिला महामंत्री सागर गोयल तथा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप ने बताया कि अभियान के तहत “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत नागरिक अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देंगे।

उन्होंने बताया कि “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” विषय पर विद्यालयों में राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के विकास, भविष्य और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपनी कल्पनाओं एवं विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलेगा।

अभियान के तहत “नमो सेवा गाथा” कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके माध्यम से पिछले वर्षों में किए गए सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए बदलावों की जानकारी नुक्कड़ नाटकों के जरिए आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए स्थानीय कलाकारों और युवाओं की टोली तैयार की जाएगी, जो सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों और सामुदायिक क्षेत्रों में प्रस्तुतियां देगी।

इसी क्रम में “आंगन का उत्सव” कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों और माताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। यहां स्वास्थ्य, पोषण और महिला कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। बच्चों के लिए मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि पूरे अभियान में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्थानीय कलाकारों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम संयोजक सागर गोयल ने बताया कि अभियान को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए जिला एवं मंडल स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष संजय अरोरा, भाजपा नेता महेंद्र काला, जिला मीडिया प्रभारी पंकज नंदा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष आदित्य रोड, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलकमल शर्मा, मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, अवनीश शर्मा, सभासद आकाशदीप गौतम, अंकित गौतम सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!